प्रशासनिक अमले ने पुलिस बल का प्रयोग करके एनएच से हटाया जाम

अंबिकापुर। सरगुजा जिले के मैनपाट विकासखंड अंतर्गत रोपाखार इलाके में एक विधवा आदिवासी महिला के घर पर प्रशासन की ओर से की गई बुलडोजर कार्रवाई से ग्रामीण नाराज हो गए। इसके विरोध में शनिवार की सुबह लोगों ने नेशनल हाईवे पर चक्काजाम कर दिया और करीब 4 घंटे तक प्रदर्शन किया। इन्हें अधिकारियों ने समझाने की काफी कोशिश की, लेकिन वे नहीं माने। इसके बाद सीतापुर एसडीएम के निर्देश पर पुलिस ने बल प्रयोग करके भीड़ को खदेड़ा। इस दौरान विधायक समर्थक जनपद सदस्य और पीड़ित महिला को पुलिस ने हिरासत में ले लिया।

बता दें कि शुक्रवार को रोपाखार में शासकीय जमीन पर काबिज महिला रामबाई पति स्व. बीरबल गोड़ के मकान पर बुलडोजर चलाने की कार्रवाई करते हुए पूरे मकान को प्रशासनिक अमले ने तोड़ दिया था। यह मकान खसरा नंबर 853 के 0.002 हेक्टेयर में बना हुआ था, जहां रामबाई के परिवार का कई सालों से कब्जा था। रामबाई का वन अधिकार पत्र भी बना था, लेकिन इसमें गलती से खसरा नंबर 754 दर्ज हो गया था। प्रशासनिक कार्रवाई के विरोध में भाजपा मंडल महामंत्री गौतम पैकरा ने भाजपा की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। इसके पीछे कारण, पीड़िता रामबाई का भाजपा नेता की बहन होना सामने आया था। गौतम पैकरा ने आरोप लगाया है कि अंबिकापुर के प्रभावशाली व्यवसायी के बेटे की शिकायत और उनके प्रभाव में आकर पूरी कार्रवाई की गई है। उनकी जमीन शासकीय जमीन के पीछे है। सैकड़ों अतिक्रमणकारियों का मकान नहीं तोड़ा गया, उन्होंने इस कार्रवाई को पक्षपातपूर्ण बताया था।

एसडीएम ने ग्रामीणों के समक्ष रखा अपना पक्ष

सीतापुर एसडीएम राम सिंह ठाकुर ने मौके पर पहुंचकर चक्काजाम की अगुवाई कर रहे लोगों को समझाइश दी कि, अतिक्रमण हटाने की पूरी प्रक्रिया तहसील न्यायालय मैनपाट में प्रकरण चलने के बाद की गई है। इधर ग्रामीणों ने दस्तावेज दिखाकर बताया कि महिला ने वन अधिकार पट्टा में त्रुटि सुधार के लिए आवेदन किया था, उसे बिना नोटिस दिए मकान कैसे तोड़ दिया गया है।

विधायक समर्थकों का संगठन है राम सेना

शनिवार को प्रशासनिक कार्रवाई के विरोध में राम सेना के कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने नेशनल हाईवे-43 में काराबेल हाई स्कूल के सामने सुबह 9.30 बजे चक्काजाम कर दिया। राम सेना सीतापुर के भाजपा विधायक रामकुमार टोप्पो के समर्थकों का संगठन है। चक्काजाम में पीड़ित महिला रामबाई भी पहुंची, इस दौरान एनएच में दोनों ओर वाहनों की लाइन लग गई।

एसडीएम ने बल प्रयोग करके हटवाया जाम

करीब चार घंटे बाद तक जब लोग चक्काजाम हटाने के लिए तैयार नहीं हुए तो एसडीएम राम सिंह ठाकुर के निर्देश पर पुलिस ने बल प्रयोग करके लोगों को हटाया। पुलिस ने विधायक समर्थक जनपद सदस्य सूर्या पैकरा और महिला रामबाई को हिरासत में लिया है। पुलिस द्वारा जनपद सदस्य और महिला के साथ ही अन्य लोगों के खिलाफ नेशनल हाईवे को बिना अनुमति अवरूद्ध करने के मामले में प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई चल रही है।

प्रशासनिक हठ के आगे जनप्रतिनिधि बौना साबित हुए

बता दें कि सीतापुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक ने भी तहसीलदार को मौखिक रूप से तत्काल कार्रवाई नहीं करने के लिए कहा था, लेकिन उन्होंने इनकी बातों को अनसुना कर दिया। विधायक रामकुमार टोप्पो समर्थकों में इसे लेकर नाराजगी है कि, प्रशासनिक अमला विधायक की अनदेखी कर रहा है। भाजपा मंडल महामंत्री के इस्तीफे और वायरल हुई बातों के बाद सरगुजा भाजपा जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया भी बीती रात मैनपाट पहुंचे थे, लेकिन दूसरे दिन जिस प्रकार का नजारा सामने आया, वह प्रशासनिक हठ के आगे जनप्रतिनिधियों को बौना साबित करने जैसा है।

Categorized in: