बेकाबू हाईवा वाहन पहले घुसी थी घर में, दूसरी घटना में ट्रक की चपेट में आया था युवक

चांदो। बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के चांदो थाना क्षेत्र में गुरुवार को हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों ने पूरे इलाके को दहला दिया। तेज रफ्तार और अनियंत्रित भारी वाहनों की चपेट में आने से जहां दो महिलाओं की दर्दनाक मौत हो गई, वहीं दो युवक गंभीर रूप से घायल होकर जिंदगी और मौत से जूझ रहे हैं। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर चक्काजाम कर दिया, और स्थिति तनावपूर्ण हो गई।

पहली हृदयविदारक घटना चांदो क्षेत्र के कन्हर नदी पुलिया के पास ग्राम भेदमी में हुई। रामप्रीत नगेसिया अपनी मां और नानी के साथ बाइक से बैरडीहकला गांव की ओर महुआ चुनने जा रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार हाईवा वाहन अनियंत्रित होकर पहले सड़क किनारे स्थित बेचू साव के घर में जा घुसी, फिर बाइक सवारों को अपनी चपेट में ले लिया। इस भीषण हादसे में रामप्रीत की मां की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल नानी ने जिला अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे में रामप्रीत नागेसिया बुरी तरह घायल हो गया, बताया जा रहा है कि उसका एक पैर कट गया है और हालत अत्यंत गंभीर बनी हुई है। घटना की सूचना मिलते ही गणेश मोड़ चैकी प्रभारी ओमप्रकाश पटेल अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घायलों को तत्काल अस्पताल भिजवाया।

बॉक्साइट लोड ट्रक के चालक ने युवक को कुचला
दूसरी घटना ग्राम कंदरी में हुई, यहां बॉक्साइट परिवहन कर रहे ट्रक का चालक बाइक सवार सद्दाम खान (35 वर्ष) को कुचलते हुए निकल गया। हादसे में सद्दाम के सिर और पैर में गंभीर चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर रेफर किया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि ट्रक चालक शराब के नशे में धुत था। इनके द्वारा प्रशासन की कारगुंजारी को भी सवालों के घेरे में लिया गया है। इनका कहना है कि प्रतिबंध और चेतावनी बोर्ड लगाए जाने के बावजूद इस मार्ग से अवैध रूप से बॉक्साइट ट्रकों का संचालन जारी है।

आश्वासन के बाद चक्काजाम हुआ समाप्त
लगातार हुई इन घटनाओं से गुस्साए ग्रामीणों ने चक्काजाम कर दिया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए चांदो थाना प्रभारी दुवेन्द टेकाम, बलरामपुर थाना प्रभारी भापेंद्र साहू और गणेश मोड़ चैकी प्रभारी ओमप्रकाश पटेल भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। काफी समझाइश के बाद भी ग्रामीण शांत नहीं हुए। भाजपा किसान मोर्चा के जिला महामंत्री विकास मंडल मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास करते हुए इसकी जानकारी भाजपा जिला अध्यक्ष ओमप्रकाश जायसवाल को दी। भाजपा के पदाधिकारियों ने घटनाक्रम से बलरामपुर जिला कलेक्टर राजेंद्र कटारा को अवगत कराया, उन्होंने घायलों के समुचित इलाज और हरसंभव सरकारी सहायता का आश्वासन दिया, इसके बाद ग्रामीणों ने चक्काजाम समाप्त कर दिया।

हाईवा-ट्रक जप्त, चालकों को गिरफ्तार की पुलिस
पुलिस ने दोनों मामलों में संबंधित ट्रक व चालकों को हिरासत में ले लिया है। जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों की मांग पर मामला दर्ज करके पुलिस आगे जांच कर रही है। लगातार हो रहे सड़क हादसों और अवैध परिवहन से क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से सख्त कार्रवाई और स्थायी समाधान की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।

 

Categorized in: