अंबिकापुर। कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्रामवासियों की शिकायत पर आबकारी उड़नदस्ता की टीम ने एक व्यक्ति के कब्जे से 950 ग्राम मादक पदार्थ गांजा जब्त किया है।
संभागीय आबकारी उड़नदस्ता टीम को रनपुर खुर्द के निवासियों ने शिकायत की थी कि गांव में रहने वाले नूर मोहम्मद एवं उसके लड़के जफर एवं सफर कई वर्षों से गांजा बेच रहे हैं, जिससे पूरे गांव का माहौल बिगड़ रहा है। शिकायत की पुष्टि होने के बाद 20 मार्च को अलसुबह ही विभाग की टीम रनपुर खुर्द पहुंच गई थी। नूर मोहम्मद के घर में की गई छापामार कार्रवाई के दौरान मोहम्मद सफर मिला। घर की तलाशी लेने पर 950 ग्राम मादक पदार्थ गांजा मिला। आरोपी के विरूद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 20-ए के तहत कार्रवाई करते हुए मोहम्मद सफर को गिरफ्तार करके न्यायालय अंबिकापुर में पेश किया है। सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता ने बताया कि मोहम्मद सफर का परिवार काफी समय से रनपुर खुर्द में गांजे का व्यवसाय कर रहा है। आरोपी पूर्व में भी गांजा बेचने के जुर्म में जेल जा चुका है। कार्रवाई में सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत कुमार गुप्ता के साथ मुख्य आरक्षक रमेश दुबे, अशोक सोनी, नगर सैनिक गणेश पांडेय, रणविजय सिंह, महिला सैनिक राजकुमारी एवं चंद्रावती सक्रिय रहे।

 

Categorized in: