अंबिकापुर। एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने कोरिया जिले में 25 हजार रुपये रिश्वत लेते उप निरीक्षक और सहायक उप निरीक्षक को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपियों के विरूद्ध धारा 7, 12 पीसी एक्ट 1988 यथा संशोधित अधिनियम 2018 के प्रावधानों के तहत् अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।
जानकारी के मुताबिक सत्येन्द्र कुमार प्रजापति के घर निर्माण के लिए ईंट बनाने का कार्य मजदूर मोहित घसिया के द्वारा किया जा रहा था। इस कार्य के लिए खोदे गए गड्ढे में पानी भर गया था, जिसमें डूबने से मजूदर मोहित घसिया के बेटे की मृत्यु हो गई थी। मृतक के मृत्यु की जांच के संबंध में पुलिस चौकी बचरापोड़ी के एएसआई गुरू प्रसाद यादव के द्वारा सत्येन्द्र कुमार प्रजापति से आपराधिक प्रकरण न बनाकर केस रफा-दफा करने की बात कहते हुए 21.02.2026 को 50 हजार रुपये रिश्वत की मांग की गई थी। शिकायत के सत्यापन में एएसआई गुरू प्रसाद यादव ने 22.02.2026 को 25 हजार रुपये रिश्वत लेने पर सहमति दी। गुरू प्रसाद यादव के चौकी से स्थानांतरण होने के बाद चौकी प्रभारी उप निरीक्षक अब्दुल मुनाफ के द्वारा 23.02.2026 को सत्येन्द्र कुमार प्रजापति को रिश्वत की रकम लेकर 24.02.2026 को पुलिस चौकी में बुलाया गया था। इसकी जानकारी वह एसीबी को दिया था। मामले में अग्रिम कार्रवाई करते हुए उप निरीक्षक अब्दुल मुनाफ को सत्येन्द्र कुमार प्रजापति से 25 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए एसीबी अंबिकापुर की टीम ने रंगे हाथों पकड़ा। रिश्वत मांगने के आरोप में सहायक उप निरीक्षक गुरू प्रसाद यादव को भी गिरफ्तार किया गया है।

Categorized in: