अंबिकापुर। शहर के पुलिस लाइन मैदान में शहर के नागरिकों और खेलप्रेमियों ने मैदान में प्रस्तावित निर्माण कार्य का विरोध करते हुए सरगुजा रेंज के पुलिस महानिरीक्षक को ज्ञापन सौंपा है। मांग की गई है कि बच्चों और युवाओं के लिए एकमात्र सुरक्षित खेल मैदान को संरक्षित रखा जाए और निर्माण कार्य किसी अन्य स्थान पर किया जाए।
शहर के मध्य में स्थित पुलिस लाइन खेल मैदान वर्षों से बच्चों और युवाओं के लिए खेल एवं शारीरिक अभ्यास का प्रमुख केंद्र रहा है। पुलिस विभाग द्वारा यहां निर्माण कार्य कराने की तैयारी की जा रही है, इससे खेल प्रेमियों में नाराजगी देखी जा रही है। आम नागरिकों का कहना है कि शहर में पहले ही खुले खेल मैदानों की भारी कमी है, यदि यह मैदान भी समाप्त हो गया तो बच्चों को आउटडोर खेलों से वंचित होना पड़ेगा। इसे देखते हुए सरगुजा रेंज के आईजी से मांग की गई है कि पुलिस विभाग अपना निर्माण कार्य किसी अन्य रिक्त भूमि या स्थान पर करें ताकि यह मैदान सुरक्षित रहे। उम्मीद जताई गई है कि पुलिस प्रशासन सामाजिक जिम्मेदारी निभाते हुए और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य को ध्यान में रखते हुए तत्संबंध में सकारात्मक निर्णय लेगा। ज्ञापन सौंपने के दौरान रजनीश सिंह, पिंकू पाण्डेय, अभिषेक तिवारी, अंशु सिंह, सौरभ मिश्रा, दुर्गेश सिंह, आशीष सिंह, आरूषि, रोहन जायसवाल, विक्रांत, शशांक तिवारी सहित अन्य उपस्थित थे।

Categorized in: