1200 नग इंजेक्शन के साथ जीजा-साला बतौली में हुए गिरफ्तार

संभागीय आबकारी उड़नदस्ता टीम ने जनवरी माह में की पांचवीं बड़ी कार्रवाई

अंबिकापुर। संभागीय आबकारी उड़नदस्ता टीम ने जनवरी 2026 में पांचवीं बड़ी कार्रवाई करते हुए झारखंड के सप्लायर को गिरफ्तार किया है। इसके पास से 1200 नग नशीला इंजेक्शन बरामद किया गया, जिसका बाजार भाव छह लाख रुपये है।
सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता ने बताया कि शुक्रवार, 30 जनवरी को वे टीम के सायंकालीन गस्त पर बतौली जा रहे थे। इस दौरान बेलकोटा बस स्टॉप पर दो व्यक्तियों को दो बोरियों के साथ संदिग्ध अवस्था में उन्होंने देखा। गाड़ी रुकने पर दोनों हड़बड़ाए। पूछताछ में एक व्यक्ति ने अपना नाम अनूप गुप्ता निवासी गोदरमाना जिला गढ़वा, झारखंड, दूसरे ने अपना नाम विनय गुप्ता निवासी बतौली सरगुजा का होना बताया। दोनों व्यक्तियों के पास रखे बोरे की तलाशी लेने पर एक बोरी में 600 नग रेक्सोजेसिक इंजेक्शन और दूसरी बोरी में 600 नग एविल इंजेक्शन मिला, जिसे टीम ने जप्त करके दोनों आरोपियों के विरूद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 22 सी के तहत कार्रवाई की है। आबकारी की टीम ने आरोपियों को गिरफ्तार करके शनिवार को विशेष न्यायालय अंबिकापुर से रिमांड लेकर जेल दाखिल कर दिया। कार्रवाई में सहायक जिला आबकारी अधिकारी के साथ आबकारी उप निरीक्षक टी.आर. केहरी, मुख्य आरक्षक अशोक सोनी, रमेश दुबे, कुमारु राम, नगर सैनिक गणेश पांडे, रणविजय सिंह, ओम प्रकाश गुप्ता और नीरज चौहान की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
बेलकोटा में करने वाला था इंजेक्शन सप्लाई
सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता ने बताया कि गोदरमाना झारखंड निवासी अनूप गुप्ता का नाम एक-दो बार नशीला इंजेक्शन सप्लायर के रूप में सामने आया था, परंतु वह कभी पकड़ में नहीं आ रहा था। उन्होंने बताया कि आरोपी अनूप गुप्ता झारखंड राज्य का फायदा उठाकर गोदरमाना बॉर्डर में रहकर पूरे सरगुजा संभाग में इंजेक्शन का सप्लाई करता था। पूछताछ में वह बताया कि उसके जीजा विनय गुप्ता बतौली में रहते हैं। गढ़वा से माल लेकर आने के बाद वह अपने जीजा के यहां ही रुका था और उनके साथ एक ग्राहक को बेलकोटा में माल सप्लाई करने वाला था। पूछताछ में वह बताया कि गढ़वा के रंजीत विश्वकर्मा, मंजूर अंसारी और प्रमोद जायसवाल के जरिए वह माल खरीदता है। रंजीत विश्वकर्मा मुख्य डीलर है, जो माल का सौदा करता है और माल उसके पास लेकर मंजूर अंसारी और प्रमोद कलवार आते हैं।

Categorized in: