लखनपुर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि के अवसर पर शुक्रवार को ब्लॉक कांग्रेस कमेटी लखनपुर द्वारा केवरा गांधी चैक में राष्ट्रपिता को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष अमित सिंह देव के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में कांग्रेसजनों ने महात्मा गांधी के आदर्शों को याद करने के साथ ही किसानों और मजदूरों के हितों के लिए एनएच-43 अंबिकापुर-बिलासपुर मार्ग पर सांकेतिक चक्काजाम कर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान कुछ देर के लिए आवागमन में अवरोध की स्थिति बन गई।
कार्यक्रम के शुरुआत में गांधी चैक स्थित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर कांग्रेस के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने पुष्प अर्पित किया। कार्यकर्ताओं ने गांधीजी के प्रिय भजनों का गायन किया और वक्ताओं ने उनके जीवन दर्शन पर प्रकाश डाला। दोपहर 12 बजे दो मिनट का मौन रखकर देश की आजादी के महानायक को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस दौरान मुख्य रूप से वरिष्ठ कांग्रेसी शराफत अली, मोजीब खान, नानहु बंधा, यूथ कांग्रेस अध्यक्ष भानु राजवाड़े, मोहर लाल, रामसूजन द्विवेदी, मकसूद हुसैन, इमरान खान, नरेश दास, चंद्रिका सिंह, अमित राजवाड़े, ब्लॉक महामंत्री सतेंद्र राय, उपाध्यक्ष इरशाद खान, मंडल अध्यक्ष रमेश जायसवाल, विनोद सिंह रजपुरी, भूखल, मुकेश सिंह, देवनारायण सिंह, सूरज सिंह, जमील खान, रोहनी सिंह सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ता और किसान मौजूद थे।
किसानों और मजदूरों के हक में बुलंद की आवाज
श्रद्धांजलि सभा के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन किया। ब्लॉक अध्यक्ष अमित सिंह देव ने कहा कि राज्य सरकार किसानों से किए गए अपने वायदे को पूरा करे और धान खरीदी के समय सीमा में वृद्धि करे। साथ ही, उन्होंने रोजगार गारंटी (मनरेगा) योजना को बचाने और उसे सुचारू रूप से चलाने की मांग करते हुए कहा कि यह योजना ग्रामीण अर्थव्यवस्था की जीवन रेखा है।
तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन
प्रदर्शन के दौरान छत्तीसगढ़ के राज्यपाल के नाम तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा गया, जिसमें प्रमुख रूप से धान खरीदी की अंतिम तिथि 15 फरवरी तक बढ़ाने, प्रत्येक पंजीकृत किसान का दाना-दाना समर्थन मूल्य पर खरीदने, मनरेगा योजना के तहत मजदूरों को नियमित काम और समय पर भुगतान सुनिश्चित करने की मांग की गई है।

 

Categorized in: