लुचकी घाट में हुई दुर्घटना में अज्ञात वाहन का चालक युवकों को घसीटते ले गया

अंबिकापुर। अंबिकापुर-रायगढ़ मार्ग पर लुचकी घाट के पास बुधवार की शाम भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई, तीसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से हुआ, जो दुर्घटना के बाद मौके से फरार हो गया। पुलिस ने घटनास्थल से मिले मृतक युवकों के मोबाइल फोन से परिजनों से संपर्क किया, तब इनकी पहचान हो पाई। तीनों युवक अंबिकापुर किसी काम से आए थे और शाम को सीतापुर वापस लौट रहे थे। एक अन्य घटना में इसी मार्ग पर ग्राम सिलसिला में स्थित मां कुदरगढ़ी एलुमिना हाइड्रेट फैक्ट्री के सामने हुए दर्दनाक हादसा में ड्यूटी से घर लौट रहे फैक्ट्री कर्मी नील कुमार (45) की तेज रफ्तार ट्रेलर की चपेट में आने से मौके पर मौत हो गई। बरगीडीह के जनपद सदस्य ने घायल को सीएचसी बतौली पहुंचाया, यहां जांच के बाद चिकित्सक ने उसे मृत घोषित किया। मृतक झेराडीह का रहने वाला था, जो फैक्ट्री के बॉयलर विभाग में काम करता था। मृतक के दो बच्चों सहित भरा-पूरा परिवार है।
जानकारी के मुताबिक, सीतापुर निवासी तीन युवक बाइक से अंबिकापुर से सीतापुर की ओर जा रहे थे। शाम करीब 6.30 बजे जैसे ही उनकी बाइक लुचकी घाट के ऊपर पहुंची, तभी पीछे से आ रहे अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक में सवार दो युवक वाहन के पहिए में फंस गए। वाहन चालक इन्हें लगभग 100 मीटर तक सड़क पर घसीटते हुए ले गया। वाहन के पहिए में फंसे रहने के कारण दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों का शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया। बाइक में सवार तीसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतकों की पहचान सीतापुर निवासी आदित्य खाखा और अनिल तिर्की के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही कोतवाली थाना और यातायात पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मरच्यूरी भेज दिया है। इधर हादसे की सूचना मिलते ही मृतकों के स्वजनों में कोहराम मच गया। एनएच-43 में लगातार हो रही दुर्घटनाओं से ग्रामीणों में आक्रोश है।
वाहन के तलाश में लगी पुलिस
पुलिस अज्ञात वाहन और फरार चालक के तलाश में जुट गई है, जिसने दर्दनाक हादसे को अंजाम दिया और वाहन के पहिए में फंसे युवकों की परवाह किए बगैर निर्ममतापूर्वक इन्हें घसीटते ले गया। पुलिस टीम आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है, ताकि वाहन का सुराग मिल सके। हादसे के बाद कुछ समय के लिए सड़क पर यातायात व्यवस्था भी प्रभावित हुआ, जिसे पुलिस ने नियंत्रित कराया।

 

Categorized in: