फ्लाई बिग की अनियमितता पर पूर्व उपमुख्यमंत्री ने जताई नाराजगी, सांसद ने बढ़ाई उम्मीद

अंबिकापुर। मां महामाया एयरपोर्ट दरिमा से शुरू हुई हवाई सेवा महज एक साल में बंद हो गई है, जिससे स्थानीय लोगों में निराशा है। हवाई सेवा 19 दिसंबर 2024 को दरिमा एयरपोर्ट से रायपुर और बिलासपुर के लिए शुरू हुई थी, जिसका शुरुआती किराया मात्र 999 रुपये था। सरगुजा की धरा पर पहला यात्री विमान उक्त तिथि को 12.35 बजे उतरा था, जिसकी सेवा सप्ताह में तीन दिन गुरुवार, शुक्रवार और शनिवार को उपलब्ध थी। कुछ महीने बाद ही फ्लाई बिग की सेवाएं अनियमित होने लगीं और धीरे-धीरे बंद हो गईं। 2025 में मानसून के बाद, जून तक यह सेवा पूरी तरह से ठप हो गई। दीपावली के आसपास केवल पांच दिनों तक उड़ानें संचालित हुईं, इसके बाद फिर से सेवाएं बंद कर दी गई। फ्लाई बिग को 29 अक्टूबर तक अपना विंटर शेड्यूल देना था, लेकिन कंपनी ने यह शेड्यूल भी नहीं जमा किया।
फ्लाई बिग कंपनी द्वारा संचालित 19-सीटर विमान सेवा की कड़ी आलोचना करते हुए पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने कहा है कि इस सेवा का बंद होना अच्छा ही हुआ। फ्लाई बिग की विमान सेवा यात्रियों के लिए न तो आरामदायक थी, और न ही इसकी सेवाएं नियमित थी। उन्होंने सरगुजा क्षेत्र की उपेक्षा पर चिंता व्यक्त की और इस रूट पर बड़े विमानों की आवश्यकता जताई। उन्होंने रायपुर-अंबिकापुर-वाराणसी रूट को व्यवसायिक दृष्टि से बेहतर बताया गया है, जबकि रांची और इलाहाबाद जैसे स्थान विकल्प हो सकते हैं। इधर सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज ने उम्मीद जताई है कि शीघ्र ही सरगुजा से किसी अन्य एयरलाइन कंपनी के माध्यम से हवाई सेवाएं शुरू होंगी। उन्होंने बताया कि इंडिगो एयरलाइंस से दो बार बैठक की गई है, इस मुद्दे पर मंत्री से भी चर्चा हो चुकी है।

Categorized in: