रायपुर। डेप्युटी सीएम और लोक निर्माण तथा नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव ने रायपुर वासियों को बड़ी सौगात देते हुए बहुप्रतीक्षित फ्लाईओवर की मंजूरी दे दी है। इस फ्लाईओवर का इंतजार लंबे समय से किया जा रहा था। जी.ई.रोड के बहुप्रतीक्षित फ्लाईओवर के लिए 173 करोड़ भी दे दिए गए हैं। इसके चलते शहर में ट्रैफिक व्यवस्था का सुधार होगा। साथ ही रेलवे स्टेशन से एयरपोर्ट तक सुगम यातायात सुनिश्चित होगा। रायपुर में यातायात को व्यवस्थित करने और रेलवे स्टेशन से एयरपोर्ट तक ट्रैफिक जाम खत्म करने लिए कई फ्लाईओवर्स की कार्ययोजना को धरातल पर उतारा जा रहा है। इसी कड़ी में एक फ्लाईओवर की सौगात दी गई है।

शहर का यातायात होगा सुगम
उप मुख्यमंत्री साव के अनुमोदन के बाद पीडब्ल्यूडी ने जी.ई.रोड पर बहुप्रतीक्षित गुरू तेगबहादुर उद्यान से तेलीबांधा में नेताजी सुभाष चौक से गुरूनानक चौक तक फ्लाईओवर के लिए 173 करोड़ रुपए की स्वीकृति दे दी है। इसके निर्माण से गुरू तेगबहादुर उद्यान से नेताजी सुभाष चौक से गुरूनानक चौक तक जी.ई. रोड पर शहर का यातायात सुगम हो जाएगा। इससे लोगों को काफी राहत मिलेगी।

यातायात की समस्या से मिलेगी राहत
रायपुर शहर के यातायात को व्यवस्थित करने के लिए 2025-26 के बजट में इस फ्लाईओवर के निर्माण को शामिल किया गया था। करीब डेढ़ किलोमीटर लंबे इस फोरलेन (16.61 मीटर चौड़ा) फ्लाईओवर के निर्माण से शंकर नगर चौक, केनाल रोड क्रासिंग व गुरूनानक चौक में यातायात की समस्या से निजात मिलेगी।

एक्सप्रेस वे से एयरपोर्ट तक पहुंचना होगा आसान
इस फ्लाईओवर से नगर घड़ी चौक से यातायात सीधे तेलीबांधा थाने तक पहुंच जाएगी तथा नगर घड़ी चौक का ट्रैफिक तेलीबांधा चौक से पहले बांयी ओर मुड़कर अटल एक्सप्रेस-वे से सीधे एयरपोर्ट तक पहुंच जाएगा।

 

Categorized in: