पुलिस ने 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया, घटना में प्रयुक्त टांगी जप्त
अंबिकापुर। दरिमा थाना क्षेत्र के ग्राम कुम्हरता, घाघी में बुजुर्ग दंपती की हत्या के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को चंद घंटे के अंदर गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी बकरी चोरी करने की योजना बनाकर बुजुर्ग दंपती के घर में रूके थे, और टांगी से वार करके इनकी हत्या के बाद बकरी चोरी करके फरार हो गए थे। आरोपियों ने घटना में 2 नग टांगी का उपयोग किया था, जिसे पुलिस ने जप्त कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक दरिमा थाना क्षेत्र के ग्राम कुम्हरता घाघी स्थित एक घर में पति-पत्नी का शव मृत हालत में पड़े होने की सूचना 23 अक्टूबर को सुबह करीब 8.30 बजे पुलिस को मिली थी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तो नि:संतान दंपती रिमा लकड़ा व उसकी पत्नी उर्मिला उर्फ जूली लकड़ा मृत हाल में पड़े थे। दोनों 22 अक्टूबर की शाम को करीब 6 बजे अपने बकरियों को चराकर घर लाए, इसके बाद अपने घर में थे। 23 अक्टूबर को सुबह 7 बजे के लगभग ग्राम नवापारा का घुरसाय लकड़ा धान काटने के लिए मजदूर का पता करते रिमा लकड़ा के घर गया तो इनके घर के दरवाजा में बाहर से सिकड़ी लगा था। आवाज लगाने पर कोई प्रत्युत्तर नहीं मिला। सिकड़ी खोलकर जब वह घर के अंदर गया तो परछी में रिमा लकड़ा तथा उसकी पत्नी उर्मिला उर्फ जुली का शव जमीन में बिछे चटाई पर पड़ा था। इसकी जानकारी वह आसपास के लोगों और गांव में करीब आधा किलोमीटर दूर रहने वाले मृतक के भाई दुहन लकड़ा पिता रघुवीर लकड़ा 45 वर्ष को दिया। दुहन जब अपने भाई के घर पहुंचा तो उसके भाई रिमा लकड़ा एवं भाभी उर्मिला उर्फ जुली का शव परछी में दरी ऊपर पड़ा था। इनके द्वारा पाले गए 12 बकरियों में से 7 बकरा-बकरी नहीं था। दोनों का शव कम्बल से ढका हुआ था। इसकी सूचना मिलते ही मौके पर दरिमा थाना प्रभारी व अंबिकापुर से पुलिस विभाग के विधि विज्ञान विशेषज्ञ टीम के साथ पहुंचे और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार अग्रवाल के द्वारा दिए गए टिप्स के आधार पर अग्रिम विवेचना कार्रवाई करते हुए घटनास्थल का बारीकी से अवलोकन व ग्रामीणों से पूछताछ करते हत्यारोपियों तक पहुंचने में सफल हुए। पुलिस ने दंपती के हत्यारे करीमन मझवार पिता कमल साय 42 वर्ष व जय श्याम पिता लखन राम मझवार 28 वर्ष दोनों निवासी पम्पापुर को हिरासत में लिया और घटना के संबंध में पूछताछ की तो इन्होंने हत्या करना स्वीकार किया। कार्रवाई में थाना प्रभारी दरिमा निरीक्षक राजेश खलखो, उप निरीक्षक सत्येंद्र सिंह, सहायक उप निरीक्षक अजीत मिश्रा, प्रधान आरक्षक भोजराज पासवान, आरक्षक मनीष सिंह, अशोक यादव, रमेश राजवाड़े, समयलाल केरकेट्टा, बन्दे केरकेट्टा, मनोहर कुमार, अशोक कुजूर, शेरशाह मिंज सक्रिय रहे।
ऐसे बनी हत्या की योजना, कंधे में लादकर ले गए बकरा
22 अक्टूबर को रात करीब 10.25 बजे करीमन अपने भतीजा जय श्याम से बोला कि ग्राम कुम्हरता धाघी निवासी परिचित रिमा लकड़ा के घर में बहुत से बकरा-बकरी हंै, चलो चुरा कर ले आते हैं। इसके बाद दोनों रात में तकरीबन 11 बजे रिमा लकड़ा के घर पर पहुंचे और दरवाजा खटखटाए, रिमा लकड़ा दरवाजा खोला तो दोनों शातिर आरोपी उससे वहीं सोने के लिए जगह मांगे और आराम करने लगे। जब रिमा लकड़ा और उसकी पत्नि सो गए तो करीमन और जय श्याम देर रात बकरा को चोरी करके ले जाने के लिए उठे और घर पर रखे कुल्हाड़ी के पासा से जय श्याम रिमा लकड़ा की पत्नि के सिर में वार कर दिया और करीमन घर पर रखे दूसरे कुल्हाड़ी के पासा से रिमा लकड़ा के सिर पर मारकर इन्हें मौत की नींद सुला दिया। इसके बाद दोनों आरोपी घर पर रखे एक बकरा को मारकर अपने कंधे में रखे और कुल्हाड़ी लेकर रात 2 बजे ग्राम कुम्हरता धटीलडाड़ निवासी शंकर मझवार के घर पहुंचकर दरवाजा खुलवाए और वहीं सो गए, सुबह बकरा खा गए और कुछ मांस को आसपास के गांव में बेच दिए। हालांकि मृतक के भाई द्वारा पुलिस को 7 नग बकरा-बकरी चोरी करके ले जाने की जानकारी दी है। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार करके न्यायालय में पेश किया है, अग्रिम विवेचना कार्रवाई जारी है।

Categorized in: