शहर में एकाएक अपराधिक वारदातों के बढ़ने से पुलिसिंग सवालों के घेरे में
अंबिकापुर। शहर में एकाएक अराजक तत्वों की सक्रियता देखने को मिल रही है। त्योहार के मौके पर माहौल को अशांत करने और असामाजिक गतिविधियों को अंजाम देने में लगे बदमाशों के कई कारनामे सामने आए हैं। पुलिस विभाग में पदस्थ एएसआई के घर में पहुंचकर जिला बदर के आरोपी व उसके परिवार के सदस्यों द्वारा मचाए गए तांडव की आंच ठंडी नहीं हुई थी, कि 22 अक्टूबर को मोटरसायकल सवार युवक को देर रात मारपीट करके लहूलुहान करने का मामला संज्ञान में आ गया। सीसीटीव्ही में मारपीट का खौफनाक मंजर कैद हुआ है। खबर पुलिस तक पहुंची और अग्रिम जांच, कार्रवाई के बीच पुलिस ने हत्या का प्रयास करने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। बेखौफ अपराधिक हरकतें आए दिन सामने आने से शहरवासी कमजोर पड़ चुकी पुलिसिंग को सवालों के घेरे में ले रहे हैं।
फाइनेंस कंपनी में काम करने वाले अंश कुमार जायसवाल ने कोतवाली थाना में रिपोर्ट दर्ज कराया था कि 22 अक्टूबर को रात करीब 1.41 बजे मोहल्ले के लड़के मिथलेश सोन्हा, अभिषेक सिंह उन्हें फोन करके बताए कि उनका भाई संजीव जायसवाल महामाया रोड में अंकुर ट्रेडर्स के सामने मुख्य सड़क में गिरा पड़ा है, जो खून से लथपथ है, इसे जिला अस्पताल लेकर जा रहे हैं। इसके बाद जब वह अपनी मां के साथ जिला अस्पताल गया तो वहां उसका भाई स्ट्रेचर में बेहोशी की हालत में लेटा हुआ था, जिसके सिर पर कई जगह चोंट के निशान थे, खून निकल रहा था। घटनाक्रम सीसीटीव्ही में कैद हुआ है, जिससे पता चला कि संजीव जायसवाल का पीछा करते हुए नीले रंग के बलेनो कार का चालक एवं उसका एक साथी चांदनी चौक से महामाया रोड में पुराने अभिनव टॉकीज तक पहुंचे और रास्ता रोककर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की नियत से उसके ऊपर लोहे के रॉड से प्राणघातक हमला कर दिए। आरोपियों ने रॉड से संजीव के सिर में कई बार वार किया। मामले में पुलिस ने आरोपियों के विरूद्ध धारा 296, 351(3), 115(2), 126(2), 109(1), 3(5) बी.एन.एस. का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया। पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद प्रार्थी से पूछताछ किया तो सामने आया कि नीले रंग की बलेनो कार का नम्बर जेएच 01 ईडी 0706 है। कार के स्वामी प्रथम केशरवानी पिता प्रमोद गुप्ता 27 वर्ष, निवासी स्टेट बैंक गली से घटना के संबंध में पूछताछ करने पर वह बताया कि घटना दिनांक को गाड़ी चलाने की बात को लेकर हुए विवाद के बाद वह अपने साथी के साथ मिलकर घटना को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त कार एवं डंडा जप्त किया है, मामले में शामिल एक अन्य आरोपी के तलाश में पुलिस लगी है। कार्रवाई में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक शशिकान्त सिन्हा, सहायक उप निरीक्षक अभिषेक दुबे, आरक्षक नितिन सिन्हा, विवेक राय, अतुल सिंह सक्रिय रहे।

Categorized in: