अंबिकापुर। सरगुजा जिले के मैनपाट में हाथियों के कारण ग्रामीण दहशत में हैं। हाथियों ने ग्राम कंडराजा के प्रायमरी व मिडिल स्कूल में तोड़फोड़ की। ग्राम चोरकीपानी में दो घरों एवं फसलों को नुकसान पहुंचाया है। ग्रामीण रतजगा कर घरों की रखवाली कर रहे हैं।

मैनपाट में 14 हाथी अलग-अलग दल के रूप में विचरण कर रहे हैं। बीती रात हाथियों का दल कंडराजा पहुंचा। हाथियों ने प्रायमरी व मिडिल स्कूल में तोड़फोड़ की। हाथियों ने स्कूल में रखे मध्यान्ह भोजन का खा लिया। स्कूल के टेबल, कुर्सी को भी नुकसान पहुुंचाया है। हाथी, स्कूल का ग्रील तोड़कर अंदर पहुंचे थे। हाथियों ने ग्राम चोरकीपानी में दो घरों को तोड़ दिया है एवं फसलों को भी नुकसान पहुंचाया है। वन विभाग के अनुसार 14 हाथी दो अलग-अलग दलों में बंटकर लगातार मूवमेंट कर रहे हैं। ग्रामीणों ने बताया कि हाथी दीवारों को तोड़कर अंदर घुस गए। हाथियों ने घर में रखा अनाज खा लिया। चोरकीपानी के रामू राम का कहना है कि उनकी रातों की नींद उड़ गई है। डर लगता है कि कहीं हाथी आ जाएं। बच्चे-बुजुर्ग भयभीत हैं। कंडराजा की लक्ष्मी कहती हैं कि फसलें भी बर्बाद हो रही हैं घर भी टूट गया है। इन सबके बीच वन विभाग ग्रामीणों को हाथियों से सतर्क रहने की नसीहत दे रहा है।

24 घंटे हाथियों की कर रहे निगरानी
एसडीओ वन सपना मुखर्जी ने बताया कि विभाग की टीम 24 घंटे हाथियों की निगरानी कर रही है। ट्रैकिंग से उनके मूवमेंट का पता लगाया जा रहा है। रेंजर प्रशांत ने कहा कि ग्रामीणों को हाथियों से दूरी बनाए रखने की समझाइश दी जा रही है। हम क्षति का आंकलन कर रहे हैं और प्रभावितों को मुआवजा दिलवाने की कार्रवाई की जाएगी। ग्रामीणों को सलाह दी गई है कि, रात में घरों के बाहर न निकलें, हाथियों के नजदीक न जाएं, बच्चों को अकेला न छोड़ें।

Categorized in: