शोरूम संचालक सहित अन्य के विरूद्ध केस दर्ज
अंबिकापुर। मोटरसायकल खरीदने बलरामपुर जिला के रामानुजगंज में स्थित शोरूम में पहुंचे ग्राहक ने वाहन का सौदा होने के बाद अधिक रकम मांगने पर आपत्ति जताई और वाहन लेने से इंकार करते हुए रुपये वापस मांगा। आरोप है इसके बाद शोरूम के अंदर ले जाकर उसके साथ जमकर मारपीट की गई। रिपोर्ट पर पुलिस ने शोरूम के संचालक सहित अन्य के विरूद्ध केस दर्ज कर लिया है।
बलरामपुर जिला के बसंतपुर थाना अंतर्गत ग्राम स्याही मोड़ निवासी दिनेश कुमार यादव पिता संतोष कुमार यादव 30 वर्ष ने रामानुजगंज थाना में रिपोर्ट दर्ज कराया है कि वह अपनी 2021 मॉडल टीवीएस मोटरसायकल क्रमांक सीजी 30 डी 1252 को एक्सचेंज करके हीरो सुपर स्पलेंडर डिस्क ब्रेक लेने के लिए हीरो शोरूम, प्रीति ऑटोमोबाइल्स में 20 अक्टूबर को दोपहर 2 से 2.30 बजे के बीच गया था। यहां आने के बाद वह आशुतोष गुप्ता से बातचीत करने के बाद पुराने मोटरसायकल का कीमत 35 हजार रुपये देने पर सहमति बनी और नई मोटरसायकल का कीमत एक लाख रुपये बताया गया। आशुतोष ने कहा कि एक्सचेंज में मिलने वाली रकम को काटकर उसे 65 हजार रुपये देना पड़ेगा। इससे संतुष्ट होकर दिनेश अपने मोबाइल से 55 हजार रुपये प्रीति ऑटोमोबाइल्स के खाते में जमा कर दिया, और शेष 10 हजार रुपये फर्स्ट सर्विसिंग तक नकद दे देने कहा था। गाड़ी का अंतिम कागजात बनाते समय शोरूम के अकाउंटेट ने 35 सौ रुपये और मांगा गया। इसकी जानकारी वह शो-रूम के संचालक आशुतोष गुप्ता को दिया तो वह भड़क गया और तुमको मोटरसायकल का पूरा एक लाख रुपये कीमत देना पड़ेगा कहते हुए एक्सचेंज में दिए गए पुराने मोटरसायकल को ले जाने के लिए कहा गया। दिनेश ने जब उक्त सौदे को स्वीकार नहीं किया और 55 हजार रुपये वापस करने के लिए कहा तो रुपये वापस करने से इंकार करते हुए थाना, पुलिस जहां जाना है जाओ एफआइआर करो, कहा गया। दुकान संचालक के रवैया को देखकर जब वाहन क्रेता बाहर निकलने को हुआ तो दौड़कर पहुंचे शोरूम के कर्मचारी उसे बलपूर्वक अंदर कमरे में ले गए और आशुतोष गुप्ता, गौरव गुप्ता गाली देते हुए उसके साथ मारपीट करने लगे। इस दौरान आशुतोष उसके सिर में लोहे के रिंच, पाना से मारा, जिससे सिर फट गया और खून बहने लगा, और चेहरा, कपडा खून से लथपथ हो गया। दिनेश के चिल्लाने की आवाज सुनकर आकाश केसरी उसे बचाने के लिए आया, तो आरोपी उसके साथ भी धक्का-मुक्की करते हुए गाली-गलौज करने लगे। हल्ला सुनकर आकाश केशरी का भाई अश्वनी केशरी पहुंचा और बीच-बचाव किया। आरोपियों के चंगुल से छूटने के बाद वह इसकी जानकारी जमा भीड़ को दे रहा था, इस दौरान किसी ने उसका वीडियो बनाकर वायरल कर दिया। मामले में पुलिस ने आरोपियों के विरूद्ध बीएनएस की धारा 115(2), 296, 3(5), 351(3) का मामला दर्ज कर लिया है।
शोरूम संचालक ने केबिन में घुसकर मारपीट का रिपोर्ट दर्ज कराया
शोरूम संचालक आशुतोष गुप्ता पिता संतोष गुप्ता ने रामानुजगंज थाने में रिपोर्ट दर्ज कराया है कि 20 अक्टूबर को दोपहर 2.10 बजे वह अपने शोरूम के व्यक्तिगत केबिन में बैठा था, इसी दौरान टीव्हीएस शोरूम के संचालक अंकित केशरी व उसके तीनों भाई आए और जान से मारने की धमकी देकर मारपीट करने लगे। इस दौरान शोरूम के स्टाफ के साथ भी मारपीट की गई। आशुतोष गुप्ता का कहना है कि शोरूम में ग्राहक व स्टाफ के बीच लेन-देन का विवाद था, जिस पर वह ग्राहक को उधार देने से मना कर दिया। इसके बाद सेल्समैन व अन्य स्टाफ के साथ रेट व लेन-देन को लेकर वाद-विवाद करते हुए ग्राहक जोर-जोर से चिल्लाने लगा। इसी बीच टीव्हीएस शोरूम के संचालक अंकित केशरी और उसके तीनों भाई लक्की केशरी, अश्विनी केशरी व विक्की केशरी आए और शोरूम के काउंटर में आकर उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी देने लगे। रिपोर्ट पर पुलिस ने चारों भाईयों के विरूद्ध बीएनएस की धारा 115(2), 296, 3(5), 332(ब), 351(2) के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

Categorized in: