दरिमा थाना पुलिस और फोरेंसिक की टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया
अंबिकापुर। सरगुजा जिले के दरिमा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कुम्हरता में बुधवार की रात घर में सो रहे दंपती की बेरहमी पूर्वक हत्या कर दी गई। दंपती के सिर में धारदार हथियार से हमला के निशान मिले हैं। सोते समय दोनों पर हमला करने की आशंका जताई जा रही है। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस टीम सूक्ष्म विवेचना कार्रवाई के बाद शव का मौका पंचनामा की और पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा है।
जानकारी के मुताबिक ग्राम कुम्हरता निवासी रीमा राम 52 वर्ष और उसकी पत्नी उर्मिला 50 वर्ष, बुधवार की रात को घर की परछी में जमीन पर सोए थे। गुरुवार को सुबह गांव का ही एक व्यक्ति किसी काम से इनके घर पहुंचा तो दरवाजे में बाहर से सांकल लगा हुआ था। संदेह होने पर वह आसपास के लोगों को इससे अवगत कराया। दरवाजा खोलने पर अंदर जमीन पर बिछे बिस्तर में दंपती की खून से लथपथ लाश पड़ी थी। दोनों के सिर में गंभीर चोट के निशान थे और मौके पर काफी खून जमा हुआ था। दोहरे हत्याकांड की सूचना मिलने पर दरिमा थाना प्रभारी राजेश कुमार खलखो पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। विधि विज्ञान विभाग की टीम अंबिकापुर से घटनास्थल पर पहुंची और घटनास्थल का सूक्ष्मता से जांच की। पुलिस और फोरेंसिक टीम की प्रारंभिक जांच में दंपती के सिर पर धारदार हथियार से वार करना सामने आया है। दोनों की सोते समय हत्या करने का अंदेशा है, जिस कारण इन्हें बचने और हमलावरों से संघर्ष करने का मौका भी नहीं मिल पाया। बताया जा रहा है कि मृत दंपती नि:संतान थे और वे घर में अकेले रहते थे। दोनों खेती, मजदूरी करके अपना जीवनयापन करते थे। मृतक के भाई का परिवार गांव में ही कुछ दूर रहता है। गांव के लोगों से इनका अच्छा तालमेल था, ऐसे में किसी से विवाद जैसी बातें फिलहाल सामने नहीं आई है। दरिमा थाना पुलिस घटना की जांच कर रही है। ग्रामीणों के बयान के आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी।

Categorized in: