अंग्रेजी में सूचना का अधिकार लगाना बना विवाद की वजह, थाने तक पहुंचा मामला
लखनपुर। सरगुजा जिले के लखनपुर नगर पंचायत में आरटीआई कार्यकर्ता और पार्षद व नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि दिनेश साहू के बीच गाली-गलौज का वीडियो वायरल हो रहा है।
जानकारी के मुताबिक आरटीआई कार्यकर्ता विकास गर्ग उर्फ बाबू चिनार 13 अक्टूबर सोमवार की दोपहर लगभग 1.30 बजे लखनपुर नगर पंचायत कार्यालय पहुंचे। इनके द्वारा कार्यालय से जानकारी प्राप्त करने के लिए अंग्रेजी में सूचना का अधिकार आवेदन लगाया जा रहा था। मुख्य नगर पालिका अधिकारी ने हिंदी में सूचना का अधिकार आवेदन लगाने के लिए कहकर रिसीव देने से मना कर दिया। इसी बीच नगर पंचायत अध्यक्ष के पति, पार्षद दिनेश साहू वहां पहुंचे और विकास गर्ग उर्फ बाबू चिनार को समझाइश देने लगे। इसी दौरान दोनों के बीच विवाद उत्पन्न हो गया और गाली-गलौज की स्थिति बन गई। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि मुख्य नगर पालिका अधिकारी विद्यासागर चौधरी, नपं अध्यक्ष सावित्री दिनेश साहू, पार्षद दिनेश साहू व नगर पंचायत के कर्मचारियों ने इसे लखनपुर थाना पुलिस के संज्ञान में लाकर आरटीआई कार्यकर्ता विकास गर्ग के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने का आग्रह किया है। कार्रवाई नहीं होने की स्थिति में हड़ताल की चेतावनी दी गई है।

Categorized in: