बलरामपुर। बलरामपुर जिले के सनवाल थाना पुलिस ने डूमरपान कनवारिया जंगल के पास देशी कट्टे से फायर कर ग्रामीणों में दहशत फैलाने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार करके न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार सनावल थाना अंतर्गत ग्राम डुमरपान निवासी आनंद गौतम व कुर्लुडीह निवासी मंसूर खान के द्वारा देशी कट्टा लहराकर ग्रामीणों को भयभीत कर रहे थे। इसकी सूचना मुखबिर से मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। इस दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी आनंद गौतम फायरिंग करके अपने ससुराल म्योरपुर उत्तर प्रदेश की ओर भागा है। पुलिस टीम ने म्योरपुर पहुंचकर आरोपी को घेराबंदी करके हिरासत में लिया। वहीं दूसरे आरोपी मंसूर खान को ग्राम कुर्लुडीह स्थित घर से गिरफ्तार किया है। तलाशी के दौरान एक पीले रंग के झोले में छिपाया गया देशी कट्टा पुलिस ने बरामद किया। दोनों के विरुद्ध आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।

Categorized in: