पूर्व खाद्य मंत्री ने अफसरों के साथ ली गई समीक्षा बैठक को सवालों के घेरे में लिया
अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका के द्वारा सरगुजा संभाग के जिले-जिले में जाकर अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेने को सरकार की अवहेलना करार देते हुए मुख्यमंत्री व राज्यपाल से स्थिति स्पष्ट करने का आग्रह पूर्व खाद्य व संस्कृति मंत्री अमरजीत भगत ने पत्रकारों से अपने निवास में चर्चा के दौरान किया है। उन्होंने कहा प्रदेश में भाजपा की चुनी हुई सरकार है, मुख्यमंत्री हैं, लेकिन ऐसा लग रहा है कि कुछ समय से इन्हें किनारे किया जा रहा है। भाजपा सरकार ने मुख्यमंत्री को निष्प्रभावी बना दिया है और राज्यपाल प्रशासन की कमान संभाल रहे हैं।
राज्यपाल द्वारा पूरे प्रदेश में समीक्षा बैठकें करने को उन्होंने चुनी हुई सरकार की अवहेलना बताते हुए आरोप लगाया है कि प्रदेश में मुख्यमंत्री आदिवासी वर्ग से हैं इसलिए उन्हें पंगु बनाने का प्रयास चल रहा है। उन्होंने इस मुद्दे पर मुख्यमंत्री व महामहिम राज्यपाल से स्थिति स्पष्ट करने का आग्रह करते हुए कहा है कि वे बताएं कि प्रदेश में मुख्यमंत्री की सरकार है या राज्यपाल की। पूर्व खाद्य मंत्री ने कहा कि जब महामहिम पूरे प्रदेश का दौरा कर रहे हैं, तो उनका साक्षात्कार खराब सड़कों, प्रदेश की लचर कानून व्यवस्था और प्रदेश में चल रहे जल, जंगल व जमीन की लूट से भी हुआ होगा। महामहिम बताएं कि इस व्यवस्था को सुधारने के लिए वे क्या कर रहे हैं। इसके अतिरिक्त पूर्व मंत्री ने लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को एक भाजपा प्रवक्ता द्वारा गोली मारने की धमकी देने और भाजपा के द्वारा अब तक अपने प्रवक्ता पर कोई कार्रवाई नहीं करने व विगत दिनों सीजेआई पर अधिवक्ता द्वारा जूता फेंकने का प्रयास करने के मामले में कहा कि इस घटना से देश का हर नागरिक आक्रोशित है। इससे देश का सिर पूरे विश्व में झुका है, उन्होंने सरकार से इस मामले में कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।

Categorized in: