डबल इंजन की सरकार के प्रति रोष जताते युवा कांग्रेस ने किया प्रदर्शन, सांकेतिक चक्काजाम
अंबिकापुर। शहर में राष्ट्रीय राजमार्ग, पीडब्ल्यूडी और नगर निगम के सड़कों की दुर्दशा को लेकर युवा कांग्रेस अंबिकापुर ब्लॉक ने पीजी कॉलेज के सामने धरना-प्रदर्शन करके सांकेतिक चक्काजाम किया। युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने सड़क पर बने गड्ढों में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के साथ ही भाजपा के चुनाव निशान कमल फूल का फोटो लगाकर डबल इंजन की सरकार के प्रति रोष जताया।
बता दें कि लंबे अरसे से अंबिकापुर शहर की सड़कों की हालत खराब है। बरसात में इनकी स्थिति और बदतर हो गई है। सड़कों पर पानी से भरे बड़े-बड़े गड्ढों ने नगरवासियों के लिए यातनापूर्ण स्थिति उत्पन्न कर दिया है। इन सड़कों के रख-रखाव के लिए जिम्मेदार विभागों के उदासीनता का आलम यह है कि इनके द्वारा सड़कों की मरम्मत करना तो दूर, ये सड़कों में बने गड्ढों में मलवा तक नहीं डलवा पा रहे हैं। कांग्रेस लगातार खराब सड़कों को लेकर आंदोलन कर रही है। इसी कड़ी में शनिवार को युवा कांग्रेस, ब्लॉक अंबिकापुर शहर ने अध्यक्ष शुभम जायसवाल के नेतृत्व में प्रदर्शन किया। युवा कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष शुभम जायसवाल ने कहा अंबिकापुर की 70 प्रतिशत सड़क जर्जर हो चुकी हैं। ट्रिपल इंजन की सरकार में विकास की ट्रिपल रफ्तार का नारा देकर निगम से देश की सत्ता तक पर काबिज भाजपा ने आम लोगों के साथ छलावा किया है। विकास के बजाय भाजपा की सरकारें भ्रष्टाचार में आकंठ डूबी हुई है। करीब डेढ़ घंटे चले धरना-प्रदर्शन में पूर्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष राकेश गुप्ता, ब्लॉक कांग्रेस अंबिकापुर शहर अध्यक्ष हेमंत सिंहा, ब्लॉक कांग्रेस अंबिकापुर ग्रामीण अध्यक्ष विनय शर्मा, पपिन्दर सिंह, शैलेंद्र सोनी, संजय सिंह, अमित तिवारी राजा, कलीम अंसारी, लुकस एक्का, चंद्रप्रकाश सिंह, रजनीश सिंह, निक्की खान, निखिल विश्वकर्मा, अमित सिंह, मिथुन सिंह, सीपू सिंह, राहुल सोनी, आर्यमान, मनीष साहू, अंकुश साहू, साहिल, समीर गुप्ता, रवि सिंह, अतुल तामरेकर, ज्ञान तिवारी, अनिकेत गुप्ता, दीपू, आकाश झरिया, साहिल, शिफ्तै राजा, रोहन साहू,सहित अन्य उपस्थित थे।
जिम्मेदार विभागों की भावना शून्य-शफी
प्रदर्शन में शामिल निगम में नेता प्रतिपक्ष शफी अहमद ने कहा कि इन सड़कों के देख-रेख हेतु जिम्मेदार विभाग भावना शून्य हो चुके हैं। इन विभागों के क्रियाकलापों ने लोगों के लिए नारकीय माहौल तैयार कर दिया है। इन विभागों की विफलता को लेकर उन्होंने जिला प्रशासन से अपील की, कि वो इन विभागों में समन्वय स्थापित कर सड़कों की खराब स्थिति से नागरिकों को राहत दिलाए। अगर सड़क मरम्मत के लिए इन विभागों के पास फंड की कमी है तो जिला प्रशासन, सांसद निधि, विधायक निधि, महापौर और पार्षद निधि सहित डीएमएफ फंड से सड़कों के मरम्मत के लिए राशि उपलब्ध कराई जाए।

Categorized in: