अंबिकापुर। होलीक्रॉस वीमेंस कॉलेज की प्राचार्य व उनके फेसबुक पेज पर, स्पोटर्स डे के बैनर में भारत का विकृत और विवादित नक्शा प्रकाशित करने आरोप गोधनपुर निवासी कैलाश मिश्रा ने लगाया है, और इसकी रिपोर्ट गांधीनगर थाना में दर्ज कराई है। रिपोर्टकर्ता ने इसे एक गंभीर और राष्ट्रविरोधी षड्यंत्र करार दिया है।
शिकायतकर्ता ने बताया है कि अंबिकापुर स्थित होलीक्रॉस वीमेंस कॉलेज के अधिकारिक फेसबुक पेज पर स्पोटर्स डे के बैनर में भारत का विवादित नक्शा प्रकाशित किया गया, जिसमें अक्साई चीन और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर को भारत से अलग दिखाया गया है। आरोप है कि यह भारत की संप्रभुता और अखंडता पर सीधा प्रहार है। यह नक्शा लगभग एक वर्ष 7 माह तक कॉलेज में प्रकाशित रहा। हाल ही में नए फोटोग्राफ अपलोड होने पर दुबारा इसकी पुनरावृत्ति हुई है। आरोप है कि मिशनरी संस्थाओं के द्वारा इस तरह की हरकतें कोई नई बात नहीं है। रिपोर्ट में कई ऐसी घटनाओं का जिक्र किया गया है, और मिशनरी कॉलेजों और स्कूलों में चल रही गतिविधियों को सवालों के घेरे में लिया है। कहा गया है कि यहां राष्ट्रभक्ति और संविधान से ऊपर धर्मांतरण एजेंडा और विदेशी शक्तियों के प्रति वफादारी की जाती है। ऐसे कई मामले पूर्व में देश के विभिन्न हिस्सों से सामने आ चुके हैं। गलत नक्शा प्रदर्शित करना केवल त्रुटि नहीं बल्कि गंभीर आपराधिक कृत्य है, और कानूनी आधार पर दंडनीय है। पुलिस ने मामले में होलीक्रॉस वीमेंस कॉलेज की प्राचार्य शांता जोसेफ एवं उनके फेसबुक पेज के संचालक के विरूद्ध केस दर्ज किया है।

Categorized in: