पॉलिसी से संबंधित दस्तावेज नहीं मिलने पर थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट
अंबिकापुर। गोधनपुर निवासी एक व्यक्ति, महिला पंचायत सचिव से सुरक्षित भविष्य के लिए जीवन बीमा का प्लान बताकर 10 लाख रुपये से अधिक रकम किस्तों में ले लिया, और रसीद मांगने पर टालमटोल करने लगा। महिला जब एजेंट के घर तक पहुंची, तो ताला बंद मिला और वह फोन रिसीव करना भी छोड़ दिया। संदेह होने पर महिला जीवन बीमा कार्यालय जाकर लाइफ सेक्योर के नाम पर दिए गए बीमा धन के संबंध में जानकारी ली तो पता चला कि किसी प्रकार का बीमा उनके नाम पर जमा नहीं किया गया है। रिपोर्ट पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है, और अग्रिम वैधानिक कार्रवाई कर रही है।
जानकारी के मुताबिक कलेक्टर बंगला रोड में स्थित फारेस्ट कॉलोनी में रहने वाली साधना पटेल 40 वर्ष, पंचायत सचिव के पद पर कार्यरत है, उनके पति कुन्तल पटेल वन विभाग में कार्यरत हैं। महिला के संपर्क में हरिहर प्रसाद पिता गोपाल प्रसाद, निवासी वॉटर पार्क गोधनपुर आया और भारतीय जीवन बीमा निगम में कार्य करना बताकर अगस्त 2017 में जीवन बीमा पॉलिसी के नाम पर 50 हजार रुपये वार्षिक लेने लगा। उसके द्वारा पेंशन स्कीम की जानकारी देते हुए सेवानिवृत्ति के बाद 50 हजार रुपये मासिक पेंशन प्राप्त होने की बात कही गई। हरिहर प्रसाद ने कहा कि पति-पत्नी दोनों नौकरी में हैं, आपस में मिलकर किसी एक बीमा का पेंशन प्लान लेंगे, तो उनकर वृद्धावस्था सुरक्षित हो जाएगा। साथ ही कहा कि महिला के नाम पर बीमा पॉलिसी लेने पर 30-35 वर्ष की आयु होने की स्थिति में मात्र 5 किस्त देने पड़ेगा। दो लाख रुपये प्रतिवर्ष 5 वर्ष तक देने पर 60 वर्ष के बाद पेंशन प्लान प्रारंभ हो जाएगा। इसके बाद महिला ने पेंशन प्लान की पॉलिसी लेने के लिए सहमति दे दी। बीमा एजेंट ने अपनी सुविधा से 2 लाख रुपये वार्षिक किस्त भुगतान करने की सलाह दी थी। हरिहर प्रसाद ने महिला पंचायत सचिव को भारतीय जीवन बीमा निगम का परिचय पत्र, डायरी, फार्म दिखाकर विश्वास में लिया था। इसके बाद पंचायत सचिव साधना पटेल 2 लाख रुपये प्रतिवर्ष वार्षिक किस्त वर्ष 2023 तक 10 लाख रुपये जमा कर दी। महिला ने वर्ष 2017 से 2020-21 तक नगद एवं बैंक खाते में फोन पे से रकम का भुगतान किया है। साथ ही एक नए पॉलिसी के लिए एक लाख रुपये दिया था, लेकिन पॉलिसी का दस्तावेज उसे आज तक नहीं मिल पाया है। कई बार दस्तोवजों की मांग करने पर वह टालमटोल करते रहा। जून 2023 में जब वह बीमा एजेंट को खोजते उसके घर तक पहुंची तो घर में ताला बंद था। लगातार संपर्क करने का प्रयास महिला पंचायत सचिव ने किया, लेकिन वह मोबाइल रिसीव करना और पॉलिसी के संबंध में जानकारी देना बंद कर दिया। मामले में गांधीनगर थाना पुलिस ने अपराध दर्ज कर लिया है, और अग्रिम वैधानिक कार्रवाई कर रही है

Categorized in: