हादसे में हेलमेट निकला, सिर में आई थी गंभीर चोट
लखनपुर। थाना क्षेत्र अंतर्गत अंबिकापुर-बिलासपुर नेशनल हाईवे 130 स्थित ग्राम लहपटरा में ट्रक की ठोकर से बाइक सवार पुलिस आरक्षक की मौत हो गई है। पुलिस ने अपराध दर्ज करते हुए दुर्घटनाकारित ट्रक को जप्त कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक मसत्य राम पैकरा पिता वीर सिंह 42 वर्ष ग्राम सरना, थाना उदयपुर का रहने वाला था, जो सूरजपुर जिले में पुलिस विभाग में आरक्षक के पद पर पदस्थ था। 17 सितंबर, बुधवार की दोपहर लगभग 1.30 बजे वह अपने मोटरसाइकिल होंडा साइन क्रमांक सीजी 15 डीजेड 6378 में गृह ग्राम सरमा उदयपुर से ड्यूटी करने सूरजपुर जा रहा था। नेशनल हाईवे 130 स्थित लहपटरा में कमल फ्यूल के पास जैसे ही पहुंचा, विपरीत दिशा से आ रहे ट्रक क्रमांक यूपी 44 बीटी 0920 का चालक लापरवाहीपूर्वक तेज गति से वाहन चलाते हुए मोटरसाइकिल सवार को ठोकर मार दिया। हादसे में पुलिस आरक्षक का हेलमेट निकल गया, जिससे उसे सिर में गंभीर चोटें आई थी और नाक, मुंह से खून निकल रहा था। घायल आरक्षक को संजीवनी 108 एम्बुलेंस से मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर लाया गया, यहां जांच के बाद डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। लखनपुर पुलिस ने दुर्घटना कारित ट्रक को जप्त कर लिया है। पुलिस ने अडानी कम्पनी में काम करने वाले मृतक के चचेरे भाई आसाराम पिता मुन्ना राम 33 वर्ष, निवासी ग्राम सरमा की रिपोर्ट पर ट्रक चालक के विरूद्ध बीएनएस की धारा 106 (1) के तहत अपराध दर्ज किया है, और मामले की जांच में जुटी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद स्वजन के सुपुर्द कर दिया है।

Categorized in: