जनप्रतिनिधियों की लापरवाही से मौत का सफर तय करने मजबूर ग्रामीण

सूरजपुर। जिले के ओड़गी विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत रामगढ़ के आश्रित ग्राम कछवारी में ग्रामीण सड़क की पुलिया हादसों को आमन्त्रण दे रही है। पुलिया के नीचे से मिट्टी कटकर सुरंग बन जाने से इसका ढांचा पूरी तरह से खोखला हो चुका है। रोजाना स्कूली बच्चों, महिलाओं और ग्रामीणों को इसी रास्ते से गुजरना पड़ता है, जिससे हर पल उनकी जान पर खतरा बना हुआ है। गौरतलब है कि यही सड़क मुख्य मार्ग से आंगनबाड़ी केंद्र और पंडोपारा को जोड़ती है। बरसात में पुलिया के नीचे पानी बहने से इसकी नींव और भी कमजोर हो गई है। ग्रामीणों ने बताया कि कई बार भारी वाहन निकलते समय पुलिया हिलने जैसी स्थिति बन जाती है, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।

0 आक्रोशित है ग्रामीण

ग्रामीणों का कहना है कि पंचायत और जनपद स्तर पर कई बार शिकायत करने के बाद भी अब तक कोई कार्यवाही नहीं हुई। लोगों का आरोप है कि अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की लापरवाही के कारण वे हर दिन मौत का सफर तय करने को मजबूर हैं।
ग्रामवासियों ने स्पष्ट कहा है कि अगर जल्द पुलिया की मरम्मत नहीं कराई गई तो वे सड़क जाम और धरना प्रदर्शन करने को बाध्य होंगे। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से तत्काल संज्ञान लेकर कार्यवाही करने की मांग की है।

0 स्थानीय जनप्रतिनिधियो ने साधी चुप्पी

ग्रामीणों के अनुसार उक्त सड़क पंचायत द्वारा कुछ वर्ष पूर्व ही निर्मित कराई गई थी, जो खतरनाक स्थिति में पहुँच गई है। चांदनी बिहारपुर क्षेत्र का यह मामला लंबे समय से अटका हुआ है। बरसात का पानी पुलिया की नींव को काटता रहा और महीनों बीत जाने के बावजूद पंचायत प्रतिनिधित्व द्वारा इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया गया। ग्रामीणों का कहना है कि प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की चुप्पी कभी भी किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।

Categorized in: