रायपुर। शहर में पैसों का लालच देकर प्रार्थना सभा की आड़ में धर्म परिवर्तन कराने के आरोपों के बीच विवाद हो गया। हिंदू संगठनों ने जब एक मकान पर छापा मारा तो वंहा करीब 30-35 लोग मौजूद थे। विवाद बढ़ता देख 3 थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने इस मामले में एक महिला समेत तीन लोगों को हिरासत में लिया है।

रायपुर के सरस्वती नगर थाना क्षेत्र के कुकुर बेड़ा में रविवार सुबह धर्मांतरण को लेकर हंगामा खड़ा हो गया। आरोप है कि एक मकान में प्रार्थना सभा की आड़ में पैसों का लालच देकर धर्म परिवर्तन कराया जा रहा था। सूचना मिलने पर मोहल्लेवासियों ने हिंदू संगठनों को मौके पर बुलाया। वहां पहुंचने पर करीब 30-35 लोग मौजूद थे। विवाद बढ़ा तो सरस्वती नगर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए एक महिला समेत तीन लोगों को हिरासत में लिया।

तीनों को थाने लाए जाने पर भी तनाव कम नहीं हुआ। आरोप है कि सरस्वती नगर थाना परिसर में ही कुछ लोगों ने हिरासत में लिए गए युवकों की पिटाई कर दी। पुलिस ने बीच-बचाव कर उन्हें भीड़ से छुड़ाया। हिंदू संगठनों का कहना है कि उन्होंने मारपीट नहीं की, बल्कि युवक भागने की कोशिश कर रहे थे तो मोहल्लेवासियों ने उन्हें रोका। उनका आरोप है कि इष्ट देवताओं के प्रति आपत्तिजनक टिप्पणियां की गईं और पैसों का लालच देकर मतांतरण कराया जा रहा था।

घटना की सूचना पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और तीन थानों की फोर्स मौके पर पहुंची। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दौलत राम ने बताया कि मारपीट और विवाद के मामले में केस दर्ज किया जाएगा। धर्म परिवर्तन के आरोपों की जांच जारी है।

Categorized in: