आंगनबाड़ी सहायिका की दावेदार ने जनदर्शन में कलेक्टर से की शिकायत

लखनपुर। सरगुजा जिले के लखनपुर विकासखंड अंतर्गत आंगनबाड़ी केद्रों में सहायिका के पदों की नियुक्ति निकालने के बाद दो पदों पर नियुक्ति नहीं करने के मामले से रूष्ट आवेदिका ने परियोजना अधिकारी पर आरोप लगाते हुए कलेक्टर के जनदर्शन में इसकी शिकायत की है। इधर परियोजना अधिकारी नियमों का हवाला देकर आंगनबाड़ी सहायिका के दो पदों पर नियुक्ति नहीं करने का गाल बजा रहे हैं।

परियोजना कार्यालय, महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा अगस्त माह 2024 में विकासखंड के ग्राम अंधला के पनिकापारा, इमलीपारा, गड़ीपारा और मुड़ापारा आंगनबाड़ी केंद्र में सहायिकाओं के रिक्त पदों में नियुक्ति हेतु आवेदन आमंत्रित किया था। इन चार स्थानों में तीसरे नंबर पर पात्र सूची में पूजा सिंह थी, परंतु परियोजना अधिकारी ने दो आंगनबाड़ी केंद्र मुड़ापारा और गढ़ीपारा में नियुक्ति करने के बाद पनिकापारा और इमलीपारा में आंगनबाड़ी सहायिका की नियुक्ति नहीं की। आंगनबाड़ी सहायिका के दो पदों में नियुक्ति नहीं होने पर पूजा सिंह ने महिला एवं बाल विकास विभाग कार्यालय में शिकायत की परंतु किसी प्रकार का जानकारी उसे नहीं दी गई। वर्ष 2025 में परियोजना अधिकारी के द्वारा पुन: पनिकापारा और इमलीपारा आंगनबाड़ी केंद्र में सहायिकाओं की नियुक्ति हेतु विज्ञापन जारी किया, आवेदिका पूजा सिंह के द्वारा जनदर्शन में कलेक्टर से इसकी शिकायत की गई है।

पात्र आवेदकों ने किया था आवेदन
ग्राम अंधला के चार आंगनबाड़ी केंद्रों में सहायिकाओं के पद में नियुक्ति को लेकर पात्र आवेदकों ने आवेदन किया था, परंतु नियम का हवाला देकर परियोजना अधिकारी के द्वारा दो की नियुक्ति की गई और दो को रिक्त छोड़ दिया गया। आवेदिकाओं द्वारा जवाब मांगने पर संतोषप्रद जवाब भी नहीं दिया गया।

चारों आंगनबाड़ी केंद्रों में प्रथम और दूसरे स्थान वाले को नियुक्ति की गई है। नियम में नहीं होने के कारण तीसरे और चौथे पात्र की नियुक्ति नहीं की गई। इस संबंध में वे उच्च अधिकारियों से बात करेंगे।
असीम शुक्ला, परियोजना अधिकारी

Categorized in: