रायपुर। बरसात से राजधानी रायपुर में हालात बिगड़ गए हैं। जिले में शुक्रवार रात को शुरू हुई झमाझम बारिश सुबह तक जारी रही। इस तेज बारिश के कारण पूरा शहर पानी-पानी हो गया। कई इलाके डूब गए, नाले उफान पर आ गए, जिस कारण सड़कों और घरों पर पानी भर गया। लोग रातभर सो भी नहीं पाए. वहीं, जलभराव से आक्रोशित लोगों ने कुशालपुर में चक्काजाम कर दिया। इस कारण 2 KM लंबा जाम लग गया जिससे लोग दो घंटे से ज्यादा समय तक इस जाम में फंसे रहे।

कुशालपुर इलाके में जलभराव होने के कारण लोगों ने नेशनल हाई-वे पर जाम कर दिया। इस समस्या को लेकर धरने पर बैठे स्थानीय लोगों के कारण राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। यहां 2 KM लंबा जाम लग गया। हाई-वे पर 2 KM लंबा जाम और स्थानीयों के प्रदर्शन की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। इस दौरान पुलिस ने लोगों को समझाने की कोशिश की, लेकिन स्थानीयों ने कहा कि जब तक मांग पूरी नहीं होगी तब तक नहीं हटेंगे।

पुलिस के समझाने के बाद भी स्थानीयों ने चक्काजाम खत्म करने से इंकार कर दिया। देखते ही देखते यह प्रदर्शन उग्र हो गया। इस दौरान पुलिस और स्थानीयों के बीच धक्कामुक्की भी हो गई। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने जाम खुलवाया, लेकिन लोग सड़क पर नारेबाजी करते रहे।

जाम की जानकारी मिलते ही लोगों की समस्या को सुनने और समझने के लिए महापौर मीनल चौबे मौके पर पहुंची। उन्होंने कहा कि यह समस्या एक-दो दिन में ठीक होने वाली समस्या नहीं है। इसमें प्रॉपर निगम के तरफ से आर्किटेक्ट को हायर कर और लोगों का सुझाव लेकर समाधान निकाला जाएगा, जिससे जल निकासी की व्यवस्था बन पाए।

Categorized in: