पति, सास-ससुर ने दिखाई हैवानियत, हाथ-पैर बांधकर 9 दिन तक कमरे में रखा बंद
बलरामपुर। बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के त्रिकुण्डा थाना अंतर्गत ग्राम शारदापुर में विवाहिता के साथ दिल दहला देने वाले अत्याचार का मामला सामने आया है। आरोपियों ने पुलिस ने आरोपी पति, सास एवं ससुर को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।
पीड़िता रितु तिवारी पति आकाश तिवारी 27 वर्ष, 18 जुलाई को थाना त्रिकुण्डा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसे उसके पति आकाश तिवारी, सास तारावती तिवारी एवं ससुर हरिशंकर तिवारी द्वारा लंबे समय से मानसिक एवं शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है, उसका विवाह वर्ष 2016 में हुआ है, दाम्पत्य जीवन के बीच उनकी दो संतानें हैं। शादी के बाद से ही दहेज के नाम पर प्रताड़ना का सिलसिला चलता रहा, जिसके खिलाफ पहले भी वह रघुनाथनगर थाने में शिकायत की थी। तीन जुलाई की रात को 11 बजे, सास-ससुर एवं पति ने उसे शिकायत करने की बात पर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद तीनों मिलकर उसके साथ लात-घूंसा व डंडे से मारपीट किए, फिर गमछा औरं रस्सी से हाथ-पैर बांधकर गर्म चिमटे से चेहरा, हाथ-पैर और पीठ को दागा। पीड़िता ने बताया कि वह 3 जुलाई से 12 जुलाई तक एक कमरे में बंद रही। होश आने पर वह अपनी बेटी की मदद से रस्सी खुलवाई। पीड़िता के पिता अलोपी पाण्डेय को घटना की जानकारी मिली और वे 12 जुलाई को ग्राम शारदापुर पहुंचे और बेटी को इलाज के लिए रघुनाथनगर ले गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक व्यास नारायण चुरेंद्र के नेतृत्व में टीम गठित की गई। पीड़िता का वाड्रफनगर स्वास्थ्य केन्द्र में डॉक्टरी परीक्षण कराया गया, जिसमें चोटों को गंभीर प्रकृति का होना बताया गया। प्रकरण में धारा 118(2) जोड़कर पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। जांच के दौरान घटना में प्रयुक्त गैस चूल्हा, सिलिंडर, चिमटा, रस्सी व गमछा जब्त किया गया। पूछताछ में आरोपियों ने अमानवीय कृत्य करना स्वीकार किया। पुलिस आरोपी आकाश तिवारी 30 वर्ष, हरिशंकर तिवारी 75 वर्ष, तारावती तिवारी 65 वर्ष को गिरफ्तार करके न्यायालय वाड्रफनगर में पेश की है।

Categorized in: