प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने की भाजपा सरकार पर घपलेबाजी का बड़ा आरोप लगाया है। कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि राज्य की भाजपा सरकार ने एक स्टील जग खरीदने के लिए 32 हजार रुपये खर्च किए हैं। इस तरह स्टील जग के कुल 160 नग खरीदने के लिए सरकार की तरफ से 52 लाख रुपये खर्च किए गए हैं। कांग्रेस ने इसे वर्ल्ड कप नहीं, विष्णुदेव का ‘स्टील जग’ कहकर तंज कसा है।

छत्तीसगढ़ कांग्रेस के एक्स हेंडल पर दो दस्तावेजों की फोटो शेयर करते हुए लिखा गया- यह वर्ल्ड कप नहीं, विष्णुदेव का ‘स्टील जग’ है। एक स्टील के जग की कीमत 32000 रुपए। 160 नग की खरीदी 51,00,000 रुपए। इसके बाद छत्तीसगढ़ भाजपा पर हमला करते हुए लिखा- बेशर्मों ने आदिवासी बच्चों के पैसे को भी नहीं छोड़ा…

कांग्रेस की तरफ से शेयर की गई तस्वीर में छत्तीसगढ़ सरकार के एससी, एसटी डेवलपमेंट विभाग के बारे में जानकारी साझा की गई है। इस दस्तावेज के मुताबिक क्लासिक ब्रैंड के 160 जग खरीदे गए हैं, जो कि 1 हजार एमएल के हैं। इनकी कुल कीमत 5199920 रुपये बताई गई है। दस्तावेज में कॉन्ट्रैक की डेट नौ जनवरी 2025 लिखी है।

दीपक बैज ने बोला हमला

वहीं, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने हमला बोलते हुए कहा कि छात्रावास आदिवासियों का है, मुख्यमंत्री भी आदिवासी हैं। अब सरकार का तो भगवान ही मालिक है। 32 हजार रुपये में एक जग खरीदा जा रहा है क्या यह कोई जादुई जग है, सोने या तांबे का जग है। इस सरकार में भ्रष्टाचार चरम पर है। पूरे मामले की जांच होनी चाहिए।

 

क्या बोले अधिकारी

इस पूरे मामले में सहायक आयुक्त सूरज दास मानिकपुरी ने कहा कि इस तरह की कोई खरीदी नहीं की गई है। यह झूठा मामला है। वहीं, सरकार की तरफ से सफाई में कहा गया है कि बलौदाबाजार जिले के आदिवासी विकास विभाग द्वारा छात्रावास हेतु वाटर जग की जो खरीदी प्रस्तावित थी, उसे 23 फरवरी 2025 को ही जेम पोर्टल पर निरस्त कर दिया गया है। 32,499.50 प्रति जग की दर से 160 नग की कुल संभावित राशि 51 लाख की कोई भी भुगतान या आपूर्ति नहीं हुई है।

Categorized in: