राजेन्द्र ठाकुर /बलरामपुर 

बलरामपुर
भारतीय जनता पार्टी बलरामपुर ने प्रदेश संगठन के आह्वान पर जिला कार्यालय के सभा कक्ष में गुरु पूर्णिमा उत्सव का आयोजन किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश जायसवाल ने गुरु-शिष्य परंपरा की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह पर्व न केवल हिंदू धर्म में, बल्कि बौद्ध और जैन परंपरा में भी विशेष स्थान रखता है। उन्होंने बताया कि आषाढ़ शुक्ल पूर्णिमा के दिन महर्षि वेदव्यास का जन्म हुआ था, इसलिए इसे व्यास पूर्णिमा के रूप में भी मनाया जाता है।
कार्यक्रम की शुरुआत आरागाही भजन मंडली द्वारा गुरु महिमा का गायन कर भक्तिमय वातावरण में की गई।
विशिष्ट वक्ता के रूप में शासकीय नवीन महाविद्यालय की सहायक प्राध्यापक डॉ. अर्चना गुप्ता ने गुरु-शिष्य संबंध की व्याख्या करते हुए विद्यार्थियों को समय प्रबंधन और आत्मनिर्भरता की सीख दी।कार्यक्रम को भाजपा के वरिष्ठ नेता मुन्ना लाल चौधरी और पूर्व जिलाध्यक्ष गोपाल कृष्ण मिश्रा ने भी संबोधित किया।
सह-संयोजक भानु प्रकाश दीक्षित ने बताया कि जिले के सभी 13 मंडलों में 277 गुरुओं को भाजपा जनप्रतिनिधियों व पदाधिकारियों द्वारा शाल, श्रीफल एवं पुष्पमाला पहनाकर सम्मानित किया गया। उन्होंने सभी छात्र-छात्राओं से अपने गुरु के नाम एक वृक्ष लगाने का भी आह्वान किया।
इस अवसर पर भाजपा जिला उपाध्यक्ष अजीत सिंह, बंशीधर गुप्ता, नगर पालिका अध्यक्ष लोधिराम एक्का, उपाध्यक्ष दिलीप सोनी, बिहारी पाल, दिवाकर मुखर्जी, मंडल अध्यक्ष विजय प्रताप सिंह, महामंत्री गुरुदेव सिंह, रजनी सोनी, जिला मीडिया सह प्रभारी अजय यादव सहित कई गणमान्यजन, सम्मानित गुरुजन और सैकड़ों छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Categorized in: