पूर्व कांग्रेस जिला अध्यक्ष ने अधिकारियों से बात करके वस्तुस्थिति से अवगत कराया
अंबिकापुर। शहर में स्मार्ट मीटर लगाने का आदेश लेकर दरिमा क्षेत्र में स्मार्ट मीटर लगा रहे कंपनी के कर्मचारियों को ग्रामीणों के भारी विरोध का सामना करना पड़ा और तनावपूर्ण स्थिति निर्मित हो गई। बाद में पूर्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष राकेश गुप्ता के हस्तक्षेप के बाद स्थिति सामान्य हुई।
बता दें कि विगत कुछ दिनों से ग्राम बकालो और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में स्मार्ट मीटर लगाने का काम जिस आदेश पर किया जा रहा था वो अंबिकापुर शहर के लिए 4 अक्टूबर 2024 को जारी किया गया था। इसके आधार पर ग्रामीण क्षेत्र में स्मार्ट मीटर लगाने का विरोध कर रहे थे। ग्रामीणों का कहना था कि स्मार्ट मीटर बढ़-चढ़कर रीडिंग करता है। प्रीपेड मीटर के लग जाने पर वो कैसे अग्रिम भुगतान करके बिजली का उपयोग करेंगे, इसकी भी चिंता थी। वहीं अंबिकापुर शहर के लिए जारी आदेश के आधार पर गांव में स्मार्ट मीटर लगाने कंपनी के कर्मचारियों के द्वारा बनाए जा रहे दबाव से वे आक्रोशित हो गए। उन्होंने कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष राकेश गुप्ता को बुलाया, मौके पर पहुंचने के बाद उन्होंने इस मसले को लेकर विद्युत विभाग के अधिकारियों से संपर्क करके उन्हें वस्तुस्थिति से अवगत कराया। इसके उपरांत विद्युत विभाग के अधिकारी संशोधित आदेश की कॉपी लेकर वहां पहुंचे और ग्रामीणों को मौखिक रूप से आश्वस्त करने का प्रयास किया कि प्रीपेड स्मार्ट मीटर से विद्युत बिलों में कोई बढ़ोतरी नहीं होगी, लेकिन ग्रामीण इस आश्वासन पर सहमत नहीं हुए। उन्होंने इसका विरोध जारी रखने का निर्णय लिया है। इस दौरान नारद गुप्ता, ग्राम बकालो के सरपंच अविनाश, निलेश गुप्ता सहित अन्य ग्रामीण मौजूद थे।

Categorized in: