राजपुर। बलरामपुर जिला के राजपुर थाना अंतर्गत ग्राम कुन्दीकला बांधपारा निवासी एक ग्रामीण का ट्रेक्टर छलपूर्वक बेचने के मामले में पुलिस ने आरोपी के विरूद्ध केस दर्ज किया है। खोजबीन में लगे ग्रामीणों को पता चला कि आरोपी ट्रेक्टर का सौदा करने के बाद एडवांस के नाम पर 50 हजार रुपये लेने के बाद गायब हो गया। पुलिस ट्रेक्टर को अपने कब्जे में ले ली है।
ग्राम कुन्दी कला बांध पारा निवासी राम सिंह पावले पिता जय सिंह जाति 34 वर्ष ने राजपुर थाना में रिपोर्ट दर्ज कराया है कि उसके पिता के जय सिंह के नाम पर आइसर ट्रेक्टर क्रमांक सीजी 15 ईए 3992 है, जिसका वह कृषि सहित अन्य कार्यों में उपयोग और देख-रेख करता है। एक जून को शाम करीब 6-7 बजे ग्राम शिवपुर का ओमकार सिंह नेताम उसके पास आया और कार को टोचन करके अंबिकापुर ले जाने के लिए ट्रेक्टर मांगा, तो वह ट्रेक्टर देने से इन्कार कर दिया। इसके बाद ओमकार सिंह ट्रेक्टर देने के लिए जिद्द करने लगा तो वह ट्रेक्टर को दे दिया। ओमकार बोला कि विश्वास नहीं है तो साथ चलो, तो फिर वह जवाहर एवं सोनू को साथ में लेकर ट्रेक्टर से कार को टोचन करके अंबिकापुर ले गए। अंबिकापुर आने के बाद ओमकार इन्हें होटल मैं बैठने के लिए कहा और स्वयं गैरेज में कार छोड़कर आने की बात कहकर साथ में जवाहर सिंह को ट्रेक्टर में बैठा लिया। कुछ दूर जाने के बाद जवाहर को गुमराह करके ट्रेक्टर से उतारकर भाग गया। देर रात तक ओमकार होटल में वापस नहीं आया तो वे अंबिकापुर के कई गैरेजों में उसे तलाशना शुरू किए, लेकिन उसका कहीं भी पता नहीं चला। दूसरे दिन ओमकार से मोबाइल से बात करने पर वह बोला कि ट्रेक्टर ला दे रहा हूं और नहीं आया। सात दिन तक ओमकार उन्हें घुमाता रहा, बाद में फोन उठाना बंद कर दिया। ट्रेक्टर तलाशने के दौरान उन्हें पता चला कि वह ट्रेक्टर को ग्राम केतका, सूरजपुर में लालदेव के पास में बेच दिया है। लालदेव से मिलकर पूछे तो वह बताया कि ओमकार उनके साथ ट्रेक्टर का डेढ़ लाख में सौदा तय करने के बाद एडवांस 50 हजार रुपये लेकर ट्रेक्टर का दस्तावेज लेकर आने और बाकी पैसा ले जाने की बात कहकर गया है, इसके बाद वह दोबारा नहीं आया। मामले में पुलिस वैधानिक कार्रवाई की है।

Categorized in: