वाड्रफनगर। बलरामपुर-रामानुजगंज जिला के पुलिस चौकी डिण्डो अंतर्गत ग्राम विरेन्द्रनगर में सचिव और उपसरपंच के बीच प्रस्ताव बनाने को लेकर हो रहे विवाद का वीडियो बना रहे ग्रामीण व एक अन्य के साथ जातिगत गालीगलौज और मारपीट करने के मामले में पुलिस एसटी एससी एक्ट और बीएनएस की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
डिण्डो पुलिस चौकी क्षेत्र के ग्राम विरेन्द्रनगर, पालाडीह निवासी मानसिंह खैरवार ने पुलिस को बताया है कि 5 जुलाई, शनिवार को ग्राम पंचायत भवन में ग्रामसभा की बैठक आयोजित की गई थी। बैठक में गांव के सरपंच, उप सरपंच, पंच, सचिव और गांव के लोग उपस्थित थे। इस दौरान सचिव जय सिंह गोंड़ व उप सरपंच इमानुल ऊर्फ सिबु के बीच प्रस्ताव बनाने की बात को लेकर विवाद हो रहा था। इस बातचीत का वीडियो भूतनाथ यादव बना रहा था। शमीम ऊर्फ छोटू भूतनाथ यादव को वीडियो बनाने से मना करते हुए अमर्यादित शब्दों का प्रयोग करके गाली देते हुए मारपीट करने लगा। असलम उसको मारने के लिए पहने हुए बेल्ट को खोल रहा था, यह देखकर वह इन्हें छुड़ाने के लिए गया तो शमीम ऊर्फ छोटु जातिगत टिप्पणी करके गाली देते हुए जान से मारने की धमकी देने लगा। गाली देने से मना करने पर शमीम व असलम दोनों उसके साथ मारपीट करने लगे। रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपियों के विरूद्ध केस दर्ज कर लिया है।

Categorized in: