रायपुर। भूपेश बघेल के करीबी और तांत्रिक के.के. श्रीवास्तव की पुलिस रिमांड सोमवार को खत्म हो गई। इसके बाद अब इसे 14 दिन की न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पिछले करीब 12 दिनों से केके पुलिस की रिमांड में था। अब इस मामले में अगली सुनवाई 21 जुलाई को होगी। अब तक इससे रायपुर के तेलीबांधा थाने की पुलिस पूछताछ कर रही थी। सोमवार को जब केके को अदालत में लाया गया तो पुलिस ने दुबारा रिमांड लेने का कोई आवेदन नहीं दिया। इसके बाद अदालत ने श्रीवास्तव को जेल भेज दिया। आरोपी के.के. से पूछताछ में मिले तथ्यों पर आगे पुलिस कार्यवाही करेगी। केके ने पुलिस के सामने कौन से राज खोले हैं इसका खुलासा नहीं हुआ है, मगर चर्चा है कि इस केस में कुछ और राजनीतिक हस्तियों की गिरफ्तारी हो सकती है।

ये है पूरा मामला
स्मार्ट सिटी और नवा रायपुर के प्रोजेक्ट में 500 करोड़ का काम दिलाने का झांसा देकर 15 करोड़ की ठगी करने वाले पूर्व सीएम भूपेश बघेल के करीबी केके श्रीवास्तव को तेलीबांधा पुलिस ने रिमांड पर लिया था। श्रीवास्तव से एसआईटी ने पूछताछ की। श्रीवास्तव के घर की तलाशी और खातों की जांच के दौरान 300 करोड़ रुपए का ट्रांजेक्शन मिला है। पैसों के लेन-देन के लिए श्रीवास्तव ने गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन करने वालों के खाते का उपयोग किया है। यह पैसा कर्ज का बताया जा रहा है। श्रीवास्तव को पुलिस ने 20 जून की रात भोपाल में छापा मारकर गिरफ्तार किया था। वहां वह हुलिया बदलकर रह रहा था।

दिल्ली के कारोबारी से लिए पैसे
श्रीवास्तव ने स्मार्ट सिटी और एनआरडीए में 500 करोड़ का काम दिलाने के लिए उसने दिल्ली के कारोबारी रावत एसोसिएट के मालिक अशोक रावत से 15 करोड़ लिए थे। अशोक को जब ठेका नहीं मिला तो उसने पैसे वापस मांगे। श्रीवास्तव ने 17 सितंबर 2023 तक पैसे लौटाने का वादा किया। तय समय गुजरने के बाद पैसा नहीं दिया। रावत ने पुलिस में शिकायत करने की धमकी दी तो उसने बेटे कंचन के खातों से 3.40 करोड़ लौटा दिए। इसके अलावा तीन-तीन करोड़ के तीन चेक दिए। बाद में पता चला कि चेक देने के बाद उसने उसे स्टॉप श्रेणी में डाल दिया। इस वजह से चेक क्लियर नहीं हुआ। इसके बाद कारोबारी ने श्रीवास्तव को फोन लगाया तो उसने नक्सली और राजनैतिक रसूखदारों से पहचान होने की बात कहकर उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद रावत ने बाप-बेटे के खिलाफ तेलीबांधा थाने में एफआईआर दर्ज कराई थी। तब से पुलिस उसकी तलाश कर रही थी।

Categorized in: