कोरबा। छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। मॉनसून की बारिश अब लोगों के लिए आफत बनती जा रही है। रविवार रात से रायपुर समेत प्रदेश के कई जिलों में झमाझम बारिश हो रही है। कई जिलों में भारी बारिश के कारण हालत बिगड़ते जा रहे हैं। बिलासपुर, अंबिकापुर, सरगुजा और कोरबा जिले में रुक-रूककर तेज बारिश हो रही है। कोरबा जिले में रविवार शाम को तेज बारिश के कारण कई जगहों पर बाढ़ जैसी स्थिति बन गई। पाली ब्लॉक के ग्राम ढुकुपथरा और पोंडी के लब्दापारा में खेतों में काम कर रहे 17 ग्रामीण अचानक बाढ़ के पानी में फंस गए। पानी का बहाव तेज था और अंधेरा होने के कारण स्थिति और भी गंभीर हो गई।

बाढ़ में फंसे लोगों को बचाया गया
कोरबा जिले लगातार बारिश के कारण बाढ़ आ गई है। निचली बस्तियों में पानी भर गया है। नदी नालों में पानी ऊफान पर है। रविवार शाम आई बाढ़ में फंसे 17 लोगों को रेस्क्यू कर सुरक्षित बचा लिया गया है। जानकारी के अनुसार, ये ग्रामीण खेती के काम से गए थे। भारी बारिश के कारण नदी में अचानक आई बाढ़ में ये लोग फंस गए। इनमें बच्चे और बुजुर्ग भी शामिल थे। हालांकि रेस्क्यू टीम ने इन सभी को सुरक्षित बचा लिया है।

रविवार को शुरू हुआ था अभियान
17 लोगों के बाढ़ में फंसे होने की जानकारी मिलते ही प्रशासन की टीम एक्टिव हो गई थी। कलेक्टर अजीत वसंत के निर्देशन में राजस्व विभाग, थाना पाली, जिला आपदा प्रबंधन, नगर सेना कोरबा और राज्य आपदा प्रतिक्रिया टीम बिलासपुर की संयुक्त टीम ने तत्परता दिखाते हुए रविवार रात को ही रेस्क्यू अभियान शुरू कर दिया। लगातार बारिश, अंधकार और तेज बहाव के बावजूद टीम ने हिम्मत नहीं हारी और लगभग 10 घंटे के संघर्ष के बाद सोमवार तड़के 3 बजे सभी 17 लोगों को सकुशल बाहर निकाल लिया।

 

Categorized in: