पुलिस महानिदेशक के निर्देश व सरगुजा रेंज के आईजी के मार्गदर्शन में तमिलनाड़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश तक पहुंची पुलिस
अंबिकापुर। सरगुजा रेंज पुलिस ने एक जून से 30 जून तक विशेष अभियान ‘ऑपरेशन तलाशÓ के तहत कुल 508 लोगों को खोजकर उनके स्वजनों से मिलवाया। पुलिस टीम ने दीगर राज्यों तमिलनाडु, दिल्ली, बिहार, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, झारखंड सहित अन्य कई प्रदेशों से गुम इंसानों की सूचना मिलने पर खोए हुए लोगों को दस्तयाब किया। लम्बे समय से गुम अपनों को पाकर इनके स्वजनों ने पुलिस के प्रति संवेदना व्यक्त किया।
बता दें कि पुलिस महानिदेशक छत्तीसगढ़ द्वारा राज्य में गुम इंसानों को ढूंढने के लिए एक विशेष अभियान ऑपरेशन तलाश चलाया है। राज्य भर में 01 जून से 30 जून तक चलाए गए विशेष अभियान के तहत दीपक कुमार झा, पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज के नेतृत्व में रेंज के सभी जिलों के पुलिस अधीक्षकों को गुमशुदा महिला, पुरुष व बच्चों की खोजबीन करके दस्तयाब करने के निर्देश दिए गए थे। निर्देशों के परिपालन में जिला इकाइयों में टीम गठित करके लगातार अधिकारियों ने गुम इंसानों की मॉनिटरिंग की और पुलिस टीम को देश के विभिन्न हिस्सों में रवाना किया। गुम इंसानों की खोजबीन में लगी टीम के सदस्यों ने इस दौरान पूरी तन्मयता के साथ अभियान को सफल बनाने की कोशिश की, जिसका सकारात्मक परिणाम सामने आया है। खोजबीन की कड़ी में जिला बलरामपुर के थाना राजपुर अंतर्गत की पहाड़ी कोरवा महिला 60 वर्ष का वाराणसी उत्तर प्रदेश में होना का पता चला। बलरामपुर पुलिस दस दिनों तक खोजबीन करते हुए लेबर/मजदूरों के समूह से उसे खोज निकाली और स्वजन के सुपुर्द किया। बलरामपुर-रामानुजगंज पुलिस ने 1 महिला सहित 2 बच्चों को बरामद करके उनके परिवार तक पहुंचाया है।
तीन माह से गायब महिला मिली तमिलनाडु में
कोरिया जिला के बैकुठपुर की एक महिला विगत 3 महीनों से लापता हो गई थी, जिसका कोई सुराग नहीं मिल रहा था। परिजनों ने इसकी सूचना पुलिस को दी थी। पुलिस ने अपने तकनीकी के आधार पर खोजबीन शुरू किया, तो उसके तमिलनाडु राज्य में होने की जानकारी मिली। वरिष्ठ अधिकारियों ने इसकी मॉनिटरिंग करते हुए पुलिस टीम को तमिलनाडु भेजा। पुलिस टीम ने महिला को तमिलनाडु राज्य के श्रीपुर से खोज कर उनके परिवार को सौंप दिया।
मां को सामने देख बच्चों के खिले चेहरे
सूरजपुर पुलिस ने दिल्ली से गुम इंसान महिला को दस्तयाब किया, जिससे स्वजन हर्षित हो उठे। ग्राम रामनगर थाना विश्रामपुर पुलिस को स्वजन ने अवगत कराया था कि उनकी भाभी 42 वर्ष घर से बिना बताए कहीं चली गई है। काफी खोजबीन करने के बाद भी वह नहीं मिली। मामले को संज्ञान में लेकर डीआईजी व एसएसपी सूरजपुर प्रशांत कुमार ठाकुर द्वारा गुम इंसान की पतासाजी गंभीरतापूर्वक शुरू की गई। महिला को दस्तयाब करने टीम ने जांच के दौरान नई तकनीक की मदद ली, जिससे ज्ञात हुआ कि गुम इंसान मोबाइल रखी है और गोण्डा चौक, थाना जाफराबाद दिल्ली में है। दिगर राज्य दिल्ली जाने की अनुमति प्राप्त कर गठित टीम रवाना हुई। यहां काफी खोजबीन के बाद गुमशुदा महिला दस्तयाब हो पाई, और उसे स्वजन के सुपुर्द किया। स्वजन ने पुलिस का इसके लिए आभार व्यक्त किया। गुम इंसान के 2 छोटे बच्चे हैं, जो अपनी मां का सामने देखकर खिल उठे।
सरगुजा के सर्वाधिक गुम इंसान दस्तयाब
सरगुजा संभाग के जिला सरगुजा के सर्वाधिक 129, सुरजपुर के 115, बलरामपुर के 51, जशपुर के 110, कोरिया के 47, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर के 56, कुल 508 गुम हुए महिला, पुरुष और बच्चों को दस्तयाब करने में करने में पुलिस को सफलता मिली है।

Categorized in: