मंगलवार की सुबह ग्रामीणों ने देखा शव, स्वजन और पुलिस को दी सूचना

अंबिकापुर। सरगुजा संभाग में पिछले 4 दिनों से लगातार बारिश हो रही है, नदी-नाले उफान पर हैं। बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में भी बहने वाली नदियां व नालों में भी पानी लबालब भरा है। सोमवार की शाम को मछली मारने गया एक युवक शंकरगढ़ इलाके में पानी के तेज बहाव में बह गया था, जिससे उसकी मौत हो गई थी। एक और दर्दनाक घटना में सोमवार को देर शाम गोद में दो साल केे बच्चे को लेकर मायके से पैदल ससुराल लौट रही महिला नाला पार करते समय पानी के तेज बहाव में खुद को नहीं संभाल पाई और दोनों मां-बेटे बह गए। दोनों का शव मंगलवार की सुबह घटनास्थल से करीब एक किलोमीटर दूर नाले में मिला। सूचना पर शंकरगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को बरामद कर पोस्टमार्टम के बाद परिजन को सौंप दिया। महिला व बच्चे की मौत से स्वजन में मातम का माहौल है।
जानकारी के मुताबिक बलरामपुर जिले के शंकरगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम आमगांव की पहाड़ी कोरवा महिला रजनी पति विशुन 20 वर्ष अपने मायके ग्राम रकैया गई थी। सोमवार की शाम करीब 6.30 बजे वह अपने 2 वर्षीय पुत्र आनंद को गोद में लेकर मायके से पैदल आमगांव आने के लिए निकली थी। रास्ते में पड़ने वाले बरपत्रा झरिया नाला को पार करते समय संभवत: वह पानी के तेज बहाव में बेटे के साथ बह गई थी। मायके से निकली महिला के देर रात तक घर नहीं पहुंचने पर स्वजन उनकी खोजबीन में लगे थे। इसी बीच आस-पास के गांव के लोगों ने महिला व बच्चे का शव नाले में पड़ा देखा। इसकी सूचना स्वजन व शंकरगढ़ पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकाला। मां के साथ मासूम बच्चे का शव देखकर कोहराम की स्थिति बन गई। पुलिस ने शव को मौका पंचनामा करने के बाद अस्पताल भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव को स्वजन के सुपुर्द कर दिया गया है। मामले में पुलिस मर्ग कायम करके अग्रिम जांच, विवेचना कर रही है।
आकाशीय बिजली की चपेट में आई महिला
लखनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कोसगा, चारपारा में आकाशीय बिजली की चपेट में आने से 25 वर्षीय महिला घायल हो गई। लखनपुर स्वास्थ्य केन्द्र में उसका उपचार चल रहा है। एक जुलाई को शाम लगभग 4 बजे मानती पति राम फल 25 वर्ष, निवासी ग्राम कोसगा चारपारा अपने घर के आंगन में बर्तन धोने जा रहे थी, इसी दौरान आकाशीय बिजली की चपेट में आने से वह बेहोश होकर आंगन में गिर गई। स्वजन उसे लखनपुर स्वास्थ्य केन्द्र ले गए, यहां उसका उपचार जारी है।

Categorized in: