बिश्रामपुर। रिश्तों में जब लालच और नशा घुल जाए तो उसका अंजाम कितना खौफनाक हो सकता है, इसकी बानगी बिश्रामपुर के कुमदा बस्ती में बुधवार शाम को देखने को मिली। यहां एक बेटे ने जमीन बिक्री से मिली रकम के बंटवारे को लेकर अपने ही पिता को मौत के घाट उतार दिया। घटना न केवल दिल दहला देने वाली है, बल्कि समाज में बढ़ते पारिवारिक विघटन और नशे की लत का ज्वलंत उदाहरण भी है। बिश्रामपुर पुलिस ने बताया कि बुधवार की शाम करीब साढ़े चार बजे कुमदा बस्ती में निवासी 26 वर्षीय अहिवरन सिंह ने शराब के नशे में धुत होकर अपने पिता बेचन सिंह पर जानलेवा हमला कर दिया। विवाद की वजह जमीन बिक्री से मिली रकम का बंटवारा थी। जब पिता ने बेटे को पैसा देने से मना किया तो आरोपी कलयुगी बेटे अहिवरन ने पहले तो पिता की बेरहमी से लात-घूंसों से पिटाई की और जब वह अधमरा हो गया, तब उसे जमीन पर उठा कर पटक दिया। सिर में गंभीर चोट लगने से बेचन सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि मामले की शुरुआत में यह घटना एक सामान्य मौत का प्रतीत हो रहा था, लेकिन जब परिजनों के बयान लिए और शव का परीक्षण कराया, तब सच्चाई सामने आई। मृतक के शरीर पर गहरी चोटों के निशान और सिर की गंभीर चोट ने साफ कर दिया कि यह मामला सामान्य नहीं है। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए अहिवरन सिंह को भारतीय न्याय संहिता की धारा 103 (1) के तहत जुर्म दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि घटना के समय घर में मृतक बेचन सिंह, उसकी पत्नी और आरोपी पुत्र तीनों शराब के नशे में थे। जब पिता-पुत्र के बीच विवाद शुरू हुआ, तब घर में मौजूद किसी ने हस्तक्षेप भी नहीं किया, और नतीजा यह हुआ कि एक बेटे के हाथों पिता की जान चली गई। बिश्रामपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के 24 घंटे के भीतर ही आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है।

Categorized in: