घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस जांच में जुटी
अंबिकापुर। स्थानीय थाना से महज 400 मीटर की दूरी पर बीती रात दो गुटों में लड़ाई-झगड़े के बाद गाली-गलौज और पत्थरबाजी का मामला सामने आया है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक सोमवार-मंगलवार की दरम्यानी रात लगभग 1 बजे लखनपुर बस स्टैंड में दो गुटों में किसी बात को लेकर विवाद और मारपीट की स्थिति बन गई। इसके बाद दोनों गुटों के लोगों ने पत्थरबाजी शुरू कर दी। इस दौरान आम लोगों के घरों में भी पत्थरबाजी की गई, जिससे भय का माहौल बन गया। सूचना देने के बाद भी पुलिस काफी देर से मौके पर पहुंची तब तक दोनों गुट के लोग निकल लिए थे, इसका एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। घटना में दो लोग घायल भी हुए हैं और पुलिस थाने में एक पीड़ित ने प्राथमिकी भी दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के मुताबिक लखनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पुहपुटरा से लखनपुर रजवार पारा में सोमवार की रात बारात आया था। डीजे में नाचने के दौरान बाराती आपस में ही भिड़ गए। कुछ स्थानीय युवक बीच-बचाव करने पहुंचे तो बारातियों ने मारपीट शुरू कर दी। दूसरा युवक पहुंचा उसके साथ भी मारपीट की गई, इसके बाद विवाद बढ़ गया और बारातियों और स्थानीय युवकों के बीच जमकर गाली-गलौज के बाद पत्थरबाजी शुरू हो गई। दोनों पक्ष के लोग पत्थरबाजी करते हुए नेशनल हाईवे 130 पर खूब उत्पात मचाया। इसकी सूचना लखनपुर पुलिस को दी गई, जब तक पुलिस मौके पर पहुंचती तब तक दहशतगर्दी फैल रहे लोग जा चुके थे। नेशनल हाईवे में हुई घटना और पुलिस का शिथिल रवैया इस घटना के बाद सुर्खियों में है।
पुलिस कर रही वैधानिक कार्रवाई
लखनपुर थाना प्रभारी शशिकांत सिन्हा का कहना है कि मामले को संज्ञान में लेकर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच की जा रही है। कुछ लोगों के नाम सामने आए हैं। घटना में शामिल लोगों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। मामले में पीड़ित श्याम नारायण यादव पिता गणेश राम यादव 23 वर्ष निवासी भुइया पारा व यशवंत राजवाड़े नामक युवक घायल हुआ है। श्याम नारायण यादव ने लखनपुर थाने में घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस अपराध दर्ज करके मामले की जांच कर रही है।

Categorized in: