अंबिकापुर। जशपुर जिला के लोदाम थाना अंतर्गत की एक किशोरी की मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर में मौत हो गई। मौत का कारण अस्पष्ट है। मामला बिन ब्याही किशोरी के गर्भ धारण करने से जुड़ा है, ऐसे में गर्भपात के लिए दवा का सेवन करने या कराने जैसी अटकलें लग रही हैं। इसके पीछे कारण हाल-फिलहाल में ऐसी ही बिन ब्याही युवतियों के गर्भ से छुटकारा पाने के लिए प्रेमी युवकों के द्वारा गर्भपात की दवा का असुरक्षित तरीके से बिना डॉक्टरी सलाह के सेवन कराना भी है।
बताया जा रहा है कि मृतिका गर्भवती थी। इसके बाद लड़का पक्ष के लोग उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर लेकर 27 मई को पहुंचे थे, यहां देर रात 10.30 बजे उसकी मौत हो गई। इसके बाद पुलिस ने मृतिका के शव को मर्च्युरी में रखवा दिया था। बुधवार को लड़की पक्ष के लोग इसकी जानकारी मिलने पर शाम को अंबिकापुर पहुंचे, इस कारण मृतिका के शव का पोस्टमार्टम नहीं हो पाया है। गुरूवार को पोस्टमार्टम के बाद मृतिका के शव को पुलिस स्वजन के सुपुर्द करेगी। लड़की पक्ष का बयान नहीं हो पाने के कारण फिलहाल स्थिति अस्पष्ट है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आने के बाद ही गर्भवती किशोरी की मौत का कारण स्पष्ट हो पाएगा।

Categorized in: