तीन मंजिला शोरूम में अग्निरोधी संसाधन नहीं, काफी मशक्कत के बाद आग बुझाने में मिली सफलता  


अंबिकापुर। गरमी के मौके पर आग लगने की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। कभी खुले जंगल, प्लांटेशन में तो कभी बड़े प्रतिष्ठानों में आग लगने की घटनाएं सामने आने से नगर सेना का अग्निशमन विभाग सक्रिय है। इनकी टीम तत्परतापूर्वक ऐसे स्थलों पर पहुंच कर आग बुझाने की प्रक्रिया शुरू करने के साथ ही बड़े भवनों में आवश्यक अग्निरोधी संसाधनों को रखने के लिए प्रेरित करने में लगी है ताकि वक्त पडऩे पर उसका इस्तेमाल करके होने वाली बड़ी हानि को रोका जा सके।
21 अप्रैल को अंबेडकर चौक में स्थित निशांत नेक्स्ट वल्र्ड के तीसरे माले में आग लगने की सूचना पर फायर वाहन के साथ होमगार्ड के फायर मैन पहुंचे और आग को काबू में किया। सूचना मिलने पर मौके पर पुलिस अधिकारी भी पहुंचे। इनके निर्देशन में यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने की पहल की गई, ताकि अग्निरोधी दल को किसी प्रकार की दिक्कत न हो। आग बुझाने में फायर स्टेशन प्रभारी के निर्देशन में फायर वाहन के चालक बिजू नायर, फायर मैन राकेश कुमार रावत, अनिरूद्ध श्रीवास, रमेश यादव सक्रिय रहे। आग लगने का कारण एसी में शॉट-सर्किट बताया जा रहा है। आगजनी से निशांत नेक्स्ट वल्र्ड में अफरातफरी मच गई। बड़ी बात यह है कि इतने बड़े कपड़े के शोरूम में आग बुझाने के उपकरण नहीं थे, जबकि यह ब्रांडेड कपड़ों का शोरूम है। बताया जा रहा है कि शुक्रवार को शोरूम की तीसरी मंजिल में एसी चालू था। एसी ऑन होते ही शॉट-सर्किट की स्थिति बनी। कुछ देर बाद अचानक धुआं फैलने पर शो-रूम के कर्मचारियों में भगदड़ मचा और पुलिस व फायर ब्रिगेड को इसकी सूचना दी गई। तीसरे मंजिल पर आग लगने के कारण दमकल कर्मियों को आग बुझाने में परेशानी हो रही थी। किसी तरह दमकल कर्मी तीसरे मंजिल पर पहुंचे और आग को काबू में किया। इसी क्रम में शुक्रवार की दोपहर 12:35 बजे लखनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गुमगरा में डॉयल 112 एवं फारेस्ट ऑफिसर सूर्य कुमार कांत ने वन विभाग के लगभग तीन-चार किलोमीटर एवं कई घरों के आसपास आग लगने की सूचना दी गई। इसकी सूचना मिलते ही जिला अग्निशमन अधिकारी के निर्देश पर प्रथम टर्न आउट सीजी 15ए 9788 मय फायर टीम मौके के लिए रवाना हुए और अग्नि दुर्घटना स्थल पहुंचकर गांव के घरों के आसपास फैल रही आग को काबू में किया। इसके पहले सूरजपुर जिले के लटोरी थाना लटोरी अंतर्गत वन विभाग के परिसर में बांस के प्लांटेशन में आगजनी की सूचना फायर स्टेशन प्रभारी अंजनी तिवारी को मिली थी। मौके पर पहुंची टीम ने आग बुझाने काफी मशक्कत की। घटना में किसी प्रकार की कोई जनहानि नहीं हुई है। सूचना मिलते ही जिला अग्निशमन अधिकारी के निर्देश पर प्रथम टर्न आउट सीजी 02-0203 मय फायर टीम रवाना हुई थी। दोनों की कार्रवाईयों में फायर स्टेशन प्रभारी के साथ फायर मैन गौरव पाठक, गुरुपाल सिंह, अंजेश शुक्ला, सुशील खलखो, रविन्द्र यादव सक्रिय रहे और अग्नि दुर्घटना स्थल पहुंचकर आग पर काबू पाया।
समझाइश के बाद भी नहीं रखते अग्निरोधक संसाधन
होमगार्ड के अग्निशमन विभाग के प्रभारी अंजनी तिवारी के द्वारा समय-समय पर शहर के बड़े अस्पतालों, दुकानों, शिक्षण संस्थाओं, शो-रूम में अकस्मात आग लगने की स्थिति में भगदड़ की स्थिति न बनने पाए, इसके लिए उपलब्ध संसाधनों की जांच व मॉनीटरिंग की जाती है। अग्निरोधी किन संसाधनों का उपयोग किया जाना है, इससे भी अवगत कराया जाता है, लेकिन असमय बनने वाले हालातों का सामना वे बिना फायरमैन के पहुंचे प्रथमतया वे स्वयं कर सकें, इसकी अरूचि ही देखने को मिलती है। कई बार यह सामने आया है कि दिखावे के लिए फायर संयंत्र लगा दिए जाते हैं, लेकिन जरूरत पडऩे पर इसकी उपयोगिता शून्य रहती है।
इन नंबरों पर दें त्वरित सूचना
सरगुजा जिले के लोगों से जिले में किसी प्रकार की आगजनी, आपात कालीन घटना होने पर 112, 101 व 07774-220100 पर डॉयल करने व सही लोकेशन बताने का आग्रह फायर स्टेशन प्रभारी अंजनी तिवारी ने किया है, ताकि फायर टीम मौके तक समय रहते पहुंच सके। कई बार सही लोकेशन के अभाव और छोटी गलियों में अग्निशामक वाहनों का प्रवेश होने में दिक्कत के कारण काफी दिक्कतों का सामना फायर कर्मचारियों को करना पड़ता है।  

Categorized in: