खोजबीन में लगे स्वजनों को चार दिन बाद पेड़ में लटके मिली लाश


एक माह पहले मां के साथ आई थी मायके, इसके बाद नहीं गई ससुराल  

अंबिकापुर। दो माह पहले ब्याही एक युवती ससुराल में एक माह रहने के बाद अपनी मां के साथ मायके आ गई थी। हाल में चार दिन पहले वह मायके से अचानक गायब हो गई, जिससे स्वजन चिंतित हो उठे। वे उसकी तलाश में लगे ही थे कि गुरूवार की शाम युवती का सड़ा-गला शव मायके से लगे गांव के जंगल में चुनरी के सहारे फांसी पर लटकते मिला। मामला सरगुजा जिले के उदयपुर थाना अंतर्गत ग्राम घाटबर्रा का है। इसकी सूचना मिलने पर शुक्रवार को पुलिस मौके पर पहुंची और शव को फांसी से उतरवाकर पोस्टमार्टम के बाद स्वजनों को सौंप दिया है। युवती खुदकुशी किस कारण की, इसका पता फिलहाल नहीं चल पाया है।
जानकारी के मुताबिक उदयपुर थाना क्षेत्र के ग्राम घाटबर्रा की रामशीला 22 वर्ष का विवाह दो माह पूर्व दरिमा थाना क्षेत्र के ग्राम खजुरी निवासी सोनू राम मझवार से हुई थी। एक माह पूर्व वह अपनी मां के साथ मायके आ गई थी, इसके बाद यहीं रहने लगी। 17 अप्रैल की सुबह करीब 10 बजे वह घर में किसी को बिना कुछ बताए निकल गई थी। कई घंटे बाद भी जब वह घर नहीं लौटी तो स्वजनों की चिंता बढ़ गई और वे उसकी खोजबीन में निकले। तीन दिन तक उसकी खोजबीन में स्वजन लगे रहे लेकिन कहीं पता नहीं चला। 20 अप्रैल की दोपहर उसका शव घाटबर्रा जंगल में पेड़ पर चुनरी से लटका मिला। इसकी सूचना स्वजनों ने उदयपुर थाने में दी। नव विवाहिता द्वारा खुदकुशी का मामला होने के कारण उदयपुर पुलिस ने इसकी सूचना उदयपुर एसडीएम को दी थी। शुक्रवार को नायब तहसीलदार एजाज हाशमी, सहायक उप निरीक्षक गोमती प्रसाद यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। इसके बाद नवविवाहिता की लाश को पेड़ से उतारकर शव का पंचनामा, पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम के बाद शव स्वजनों को सौंप दिया गया है। खुदकुशी का कारण फिलहाल अस्पष्ट है। पुलिस मामले की विवेचना कर रही है।
 

Categorized in: