बिश्रामपुर। क्षेत्र के ग्राम पंचायत गणेशपुर सिलफिली में भूमि विवाद पर पेट्रोल बम से आगजनी करने वाले एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। जयनगर पुलिस ने बताया कि एनएच 43 किनारे ग्राम पंचायत गणेशपुर सिलफिली निवासी प्रार्थिया रानू मृधा के साथ आरोपी राजू पोद्दार पिता माखन पोद्दार के साथ लंबे अरसे से जमीन विवाद चल रहा है। इसी तारतम्य में विवाद से क्षुब्ध आरोपी राजू पोद्दार ने साथियों के साथ मिलकर गतदिनों 29 मार्च की रात में प्रार्थिया के बाड़ी में लगे ग्रीन पर्दे को फाड़कर लकड़ी के बल्ली को तोड़ दिया गया था। इसके पश्चात भोर में करीब साढ़े तीन बजे आरोपियों द्वारा प्रार्थिया के बाड़ी में खड़े कार में पेट्रोल बम फेंककर आगजनी की घटना को अंजाम दिया गया था। जिससे प्रार्थिया की कार जलकर खाक हो गई थी। मामले में फरार आरोपी राजू पोद्दार को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायालय पेश कर दिया है। मामले में पुलिस द्वारा आरोपियों के खिलाफ धारा 294, 506, 427, 452, 435, 436, 34 के तहत कार्रवाई की गई है।

Categorized in: