13 जून को सामने आया था पहला केस, पीड़ितों में कोरोना के सामान्य लक्षण
अंबिकापुर। सरगुजा में कोरोना के केस बढ़ रहे हैं। छह दिन के अंतराल में कोरोना के 5 पॉजिटिव मरीज सामने आए हैं, जिससे स्वास्थ्य विभाग सतर्क है। पॉजिटिव में 3 स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी हैं, जबकि 2 अन्य शामिल हैं। सभी का ट्रैवलिंग हिस्ट्री बिलासपुर व रायपुर होना सामने आया है।
बता दें कि सरगुजा में पहला कोरोना पॉजिटिव केस 12 जून को लखनपुर से सामने आया था, जो स्वास्थ्य विभाग का कर्मचारी था। इसके बाद 13 जून को मेडिकल कॉलेज का एक कर्मचारी भी पॉजिटिव पाया गया। ऐसे में आंकड़ों पर नजर डालें तो अब तक स्वास्थ्य विभाग से 3 कर्मचारी व 2 अन्य कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। नोडल अधिकारी डॉ. शैलेन्द्र गुप्ता ने बताया कि सभी मरीजों में कोरोना के लक्षण सामान्य होने के कारण इन्हें होम आइसोलेशन में रहने की सलाह दी गई है। परिवार या अन्य लोगों से सात दिनों तक संपर्क नहीं रखने कहा गया है। उन्होंने बताया कि कोरोना के बढ़ते मरीजों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग द्वारा पूर्व तैयारी कर ली गई है, अगर गंभीर मरीज पाए जाते हैं तो उन्हें मेडिकल कॉलेज अस्पताल में कोविड वार्ड में भर्ती कराया जाएगा। कोरोना से पीड़ितों का पता चले, इसे देखते हुए प्रतिदिन 10 से 12 ऐसे मरीजों की आरटीपीसीआर जांच कराई जा रही है। एक जून से अभी तक लगभग 200 मरीजों की जांच कोरोना की संभावनाओं के आधार पर की गई है।
सर्दी-खांसी और बुखार से पीड़ित कराएं जांच
डॉ. शैलेन्द्र गुप्ता ने बताया कि सर्दी-खांसी, बुखार से पीड़ित अगर दवा खाने के बाद भी ठीक नहीं हो रहे हंै तो कोरोना जांच कराएं और पॉजिटिव आने पर कोविड के नियमों का पालन करें। मास्क पहनें, सार्वजनिक जगहों पर जाने से परहेज करें। हाथ को साबुन और पानी से बार-बार धोएं। खानपान की चीजों में भी मौसम को देखते हुए सतर्कता बरतनी चाहिए।

 

Categorized in: