अंबिकापुर। सरगुजा संभाग में पिछले तीन दिनों से झमाझम बारिश के बीच बलरामपुर, सूरजपुर व सरगुजा जिले में मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी कर दिया है। मौसम विभाग ने इन जिलों में भारी बारिश की चेतावनी दी है। लगातार हो रही बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। मंगलवार को सरगुजा संभाग में मानसून सक्रिय होने के बाद बारिश का सिलसिला जारी है। मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को 21.7 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। लगातार हो रही बारिश के कारण अधिकतम तापमान 26 व न्यूनतम 22 डिग्री पहुंच गया है।
बता दें कि मानसून इस बार समय से प्रवेश किया है। मानसून के सक्रिय होने के साथ बारिश का सिलसिला जारी है। पिछले तीन दिनों के अंदर अंबिकापुर में 70 मिलीमीटर से अधिक वर्षा दर्ज की गई है, जो धान की फसल के लिए फायदेमंद है। धीमी व मूसलाधार बारिश होने से खेतों में पानी जमा होने लगा है। किसान अब हल लेकर खेतों में मशक्कत करने लगे हैं। मौसम विभाग ने सरगुजा, बलरामपुर व सूरजपुर जिले में भारी बारिश की चेतावनी दी है। इन क्षेत्रों में भारी बारिश के साथ वज्रपात की संभावना भी बनी हुई है। लगातार हो रही बारिश के कारण किसानों में खुशी की लहर है। किसान खेती की तैयारी में रम गए हैं। किसान खाद-बीज खरीदने के लिए सरकारी व निजी दुकानों में पहुंच रहे हैं। शहर के विभिन्न निजी दुकानों में भी किसानों की भीड़ देखी जा रही है। किसान अपने सुविधा के अनुसार धान का बीज विभिन्न वैरायटी खरीद रहे हैं। ताकि कम समय में अच्छी पैदावार मिल सके।

Categorized in: