अंबिकापुर। नगर पालिक निगम में बुधवार को महापौर मंजूषा भगत की अध्यक्षता में मेयर इन काउंसिल (एमआईसी) की बैठक का आयोजन किया गया। महापौर कक्ष में आयोजित इस बैठक में 26 अहम मुद्दों पर चर्चा की गई और सभी प्रस्तावों पर एमआईसी सदस्यों की सहमति बनी।
बैठक में शहर के विभिन्न जोनों में डामरीकृत सड़कों के निर्माण, मरम्मत एवं सीसी रोड निर्माण कार्यों के लिए एसओआर 1 जनवरी 2025 अंतर्गत आमंत्रित वार्षिक ई-निविदा दरों पर विचार-विमर्श कर निर्णय लिया गया। इसके अलावा आवारा कुत्तों के बधियाकरण एवं एंटीरेबीज टीकाकरण, आवारा मवेशियों की धरपकड़ और कांजी हाउस में बंद करने की प्रक्रिया पर भी चर्चा की गई।
एमआईसी ने शहर में लावारिस शवों के दफन हेतु एक नवीन शव वाहन क्रय करने, निगम क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में भवनों पर संपत्ति कर दर निर्धारण एवं पुराने बस स्टैंड के समीप 1000 किलोलीटर क्षमता वाले उच्च स्तरीय जलागार के निर्माण को भी मंजूरी प्रदान की।
*शहीद भगत सिंह चौक का होगा निर्माण*
बैठक में उल्लेखनीय प्रस्ताव भाजपा के युवा पार्षद दीपक यादव ने सामने लाया, जिसमें शहीद भगत सिंह की स्मृति में एक भव्य चौक के निर्माण की मंजूरी दी गई। यह चौक शहीद भगत सिंह वार्ड में बनाया जाएगा, जो युवाओं के लिए प्रेरणा का केन्द्र बनेगा। पार्षद दीपक यादव ने कहा कि शहीद भगत सिंह की याद में चौक बनना मेरे लिए गर्व की बात है। यह चौक न केवल उनकी वीरता को श्रद्धांजलि देगा, बल्कि शहर की पहचान भी बनेगा। उन्होंने महापौर मंजूषा भगत एवं एमआईसी सदस्यों का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि वार्डवासियों की यह पुरानी मांग थी, जो अब पूरी होने जा रही है। इस निर्णय से युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।

Categorized in: