ब्यूरो कार्यालय बलरामपुर

बलरामपुर जिले के शंकरगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत आमगांव से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां एक परिवार बीते 20 वर्षों से सामाजिक बहिष्कार का दंश झेल रहा है। बताया जा रहा है कि 250 रुपए के कथित सामाजिक जुर्माने को न भरने के कारण पूरे परिवार को समाज से अलग कर दिया गया। प्राप्त
जानकारी के अनुसार, आमगांव निवासी महाबीर प्रसाद गुप्ता के परिवार पर एक सामाजिक बैठक में शामिल न होने के चलते 250 रुपए का जुर्माना लगाया गया था। परिवार द्वारा यह राशि नहीं चुकाने पर समाज ने उनका बहिष्कार कर दिया। समय के साथ यह फैसला और कठोर होता गया, लेकिन आज तक समाप्त नहीं हुआ।
इस बहिष्कार का असर अब परिवार की नई पीढ़ी पर भी देखने को मिल रहा है। परिवार के बच्चे शादी योग्य हो चुके हैं, लेकिन जैसे ही रिश्ते की बात आगे बढ़ती है, सामाजिक बहिष्कार की जानकारी सामने आते ही रिश्ते टूट जाते हैं। इससे परिवार को सामाजिक और मानसिक दोनों स्तर पर परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
पीड़ित परिवार का आरोप है कि उन्होंने कई बार समाज से माफी मांगने और बैठक में शामिल होने की कोशिश की, लेकिन उन्हें बार-बार नजरअंदाज कर बाहर कर दिया गया। यहां तक कि एक बैठक के दौरान उनका मोबाइल भी बंद करा दिया गया। परिवार के पास उस घटना का वीडियो भी मौजूद है।
मामले को लेकर परिवार ने शंकरगढ़ थाने में शिकायत दर्ज कराई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी है। फिलहाल परिवार न्याय की उम्मीद में प्रशासनिक अधिकारियों के चक्कर काट रहा है।

Categorized in: