अंबिकापुर। वन विभाग के उप वनमण्डलाधिकारी ने गुप्त सूचना पर शहर के अंतर्राज्यीय बस अड्डा के पास दो हाथी दांत के तस्करों को कब्जे में लिया, जो हाथी दांत की बिक्री करने के लिए सौदा करने में लगे थे। उप वनमण्डलाधिकारी अंबिकापुर जैनी ग्रेस कुजूर ने बताया कि 21 मई की रात गुप्त सूचना मिली कि अंतर्राज्यीय बस अड्डा अंबिकापुर के पास दो नग हाथी दांत के साथ मौजूद तस्कर इसे बेचने के लिए सौदा कर रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए टीम जब मौके पर पहुंचीं तो धुरिया रमकोला निवासी जनकू एवं हरिगवां बलरामपुर निवासी विनोद वर्मा मिले। इनके पास से दो नग हाथी दांत मिला, जिसे बरामद किया गया, इसका वजन 4.660 किलोग्राम है। आरोपियों के विरूद्ध वन्यप्राणी संरक्षण अधिनियम 1972 की धारा 39(2), 44, 39(3), 9, 51, 52, 481, 49-ठ के तहत अपराध दर्ज करके चालान न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है। सरगुजा वनमण्डल अंबिकापुर के वनमण्डलाधिकारी अभिषेक जोगावत के निर्देशन में आरोपियों को पकड़ने में डब्ल्यूसीसीबी सेंट्रल रीजन भोपाल के इनपुट पर डब्ल्यूसीसीबी एवं सरगुजा वनमण्डल तथा सूरजपुर वनमण्डल के कर्मचारियों द्वारा संयुक्त रूप से यह कार्रवाई की गई है। कार्रवाई में वन परिक्षेत्राधिकारी अंबिकापुर निखिल पैकरा, उप वनक्षेत्रपाल दिनेश टोप्पो, वनरक्षक नवीन प्रताप सिंह, महेन्द्र पाठक, अली अहमद अंसारी, संदीप किण्डो, सुभाष सिंह का विशेष योगदान रहा।

Categorized in: