आजाद सेवा संघ ने प्राचार्य को ज्ञापन सौंपा, तीन दिन में सकारात्मक कदम उठाने का आग्रह
अंबिकापुर। राजीव गांधी पीजी कॉलेज, द्वारा हाल में जारी किए गए बीकॉम और बीएससी पाठ्यक्रमों के पांचवें सेमेस्टर के परिणाम चौंकाने वाले हैं। जारी परिणामों के अनुसार, लगभग 75 प्रतिशत छात्र दोनों ही संकायों में असफल रहे हैं, जिससे छात्रों और अभिभावकों में असंतोष और चिंता का माहौल है।
इसकी जानकारी मिलने पर आजाद सेवा संघ के प्रदेश सचिव रचित मिश्रा छात्रों के साथ महाविद्यालय पहुंचकर प्राचार्य को ज्ञापन सौंपा। मांग की गई है कि या तो सभी उत्तर पुस्तिकाओं का निष्पक्ष पुनर्मूल्यांकन कराया जाए, या छात्रों को उनकी उत्तर पुस्तिकाएं दिखाई जाए, ताकि वे अपनी गलतियों को समझ सकें। एक और गंभीर मुद्दा सामने आया, कुछ ऐसे छात्रों को भी पांचवें सेमेस्टर की परीक्षा में बैठने की अनुमति दी गई, जिनका द्वितीय सेमेस्टर का बैकलॉग क्लियर नहीं था। संघ के पदाधिकारियों का कहना है कि यह महाविद्यालय के नियमों और अध्यादेश का स्पष्ट उल्लंघन है, इससे महाविद्यालय की कार्यप्रणाली पर प्रश्नचिह्न लग रहा है। आजाद सेवा संघ ने महाविद्यालय प्रशासन को छात्रों के हित में कार्रवाई करने के लिए तीन दिन का समय दिया है। संघ के प्रदेश सचिव रचित मिश्रा ने कहा है कि यदि इस अवधि के भीतर कोई सकारात्मक कदम नहीं उठाया गया, तो सभी छात्र अपनी उत्तर पुस्तिकाओं को देखने के लिए सूचना का अधिकार का उपयोग करेंगे। पीजी कॉलेज में छात्रों के साथ इस प्रकार का व्यवहार पहली बार नहीं किया गया है। पूर्व में भी छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया गया है, जिससे वे मानसिक रूप से प्रताड़ित हुए हैं। उन्होंने महाविद्यालय प्रशासन से आग्रह किया है कि छात्रहित को सर्वोपरि रखते हुए तत्काल उचित निर्णय लें।

Categorized in: