कलेक्टर ने रुपये वसूलकर किसान को दिलाने और निलंबन के दिए निर्देश
जन चौपाल में लोगों की समस्याएं सुन रहे कलेक्टर दिखे एक्शन मोड पर

अंबिकापुर। कलेक्टर कुन्दन कुमार ने मंगलवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष आयोजित जनचौपाल में दूर-दराज से आए लोगों की समस्याएं सुनी व त्वरित समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने लखनपुर तहसील के एक किसान की चौहद्दी बनाने के एवज में रुपये की मांग करने व चौहद्दी नहीं बनाने की शिकायत पर लखनपुर के पटवारी को निलंबित करने व जांच कार्रवाई शुरू करने के निर्देश एसडीएम को दिए।  
किसान ने बताया कि वह जमीन की चौहद्दी बनाने के एवज में पटवारी द्वारा 20 हजार रुपये की मांग की गई। किसान ने 16 हजार रुपये दे भी दिए, इसके बाद भी विगत दो माह से टाल-मटोल किया जा रहा है। कलेक्टर ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पटवारी से राशि वसूल कर किसान को वापस दिलाने तथा जांच की कार्रवाई शुरू करने के निर्देश एसडीएम को दिए। जनचौपाल में अंबिकापुर तहसील के ग्राम ठाकुरपुर निवासी झन्नू कुजूर को उसके पुत्र के प्राकृतिक आपदा में मृत्यु होने पर राजस्व पुस्तक परिपत्र खंड 6-4 के तहत 4 लाख रुपये की सहायता राशि का चेक प्रदान किया गया। इसी प्रकार लुंड्रा तहसील के ग्राम अजिरमा कला निवासी कमला देवी द्वारा सौर सुजला योजना के तहत सोलर पंप लगाने हेतु आवेदन प्रस्तुत किया गया। कलेक्टर ने क्रेडा विभाग के अधिकारियों को आवेदिका के आवेदन पर तत्काल कार्रवाई करते हुए सोलर पंप स्वीकृत करने के निर्देश दिए।

Categorized in: