डीएमएफ की बैठक में स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने की विकास कार्यों की समीक्षा

खनन प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार पर जोर

लंबित परियोजनाओं को समयबद्ध पूरा करने के निर्देश

मनेंन्द्रगढ़ (एमसीबी) । जिले के मनेंद्रगढ़ स्थित कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला खनिज संस्थान न्यास (डीएमएफ) की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में क्षेत्रीय विधायक एवं छत्तीसगढ़ शासन के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल शामिल हुए। बैठक के दौरान जिले में डीएमएफ मद से संचालित विभिन्न विकास कार्यों, निर्माणाधीन परियोजनाओं तथा भविष्य की कार्ययोजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जिला खनिज संस्थान न्यास की राशि का उपयोग खनन प्रभावित क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए प्राथमिकता के आधार पर किया जाए। उन्होंने कहा कि इन क्षेत्रों के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, स्वच्छ पेयजल, पोषण, सड़क, विद्युत तथा अन्य बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा प्रस्तुत प्रस्तावों एवं प्रगति प्रतिवेदनों की समीक्षा करते हुए मंत्री ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वीकृत परियोजनाओं का क्रियान्वयन निर्धारित मानकों के अनुरूप हो तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। स्वास्थ्य मंत्री श्री जायसवाल ने लंबित परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को उन्हें समय-सीमा के भीतर पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में अनावश्यक विलंब से आम जनता को होने वाली असुविधा को ध्यान में रखते हुए सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें। बैठक में खनन प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण, स्कूलों में आवश्यक सुविधाओं के विस्तार, आंगनबाड़ी केंद्रों के उन्नयन, पेयजल योजनाओं के क्रियान्वयन तथा युवाओं के लिए कौशल विकास कार्यक्रमों को बढ़ावा देने पर भी चर्चा की गई। स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि डीएमएफ निधि का उद्देश्य केवल निर्माण कार्य कराना नहीं, बल्कि स्थानीय लोगों के जीवन स्तर में वास्तविक सुधार लाना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि विकास योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और सभी कार्यों में पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित की जाए। बैठक में कलेक्टर सुश्री संतन देवी जांगड़े, पुलिस अधीक्षक रत्ना सिंह, नगर निगम चिरमिरी महापौर रामनरेश राय समेत जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, विभिन्न विभागों के प्रमुख तथा संबंधित जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Categorized in: